चुनाव प्रणाली में धांधली के खिलाफ कांग्रेस 14 दिसंबर को रामलीला मैदान में करेगी वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली

Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि 14 दिसंबर को दोपहर 1:30 बजे से दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट चोर गद्दी छोड़ महा रैली का आयोजन किया जाएगा। इस रैली का मुख्य उद्देश्य चुनाव व्यवस्था में कथित धांधलियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हो रहे हमलों के खिलाफ देशभर में एक निर्णायक संदेश देना है।

चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप

केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और चुनाव आयोग पर मिलकर चुनाव परिणामों को प्रभावित करने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, वोट चोरी का साया आज हमारी डेमोक्रेसी पर मंडरा रहा सबसे बड़ा खतरा है। हमारे संविधान को खत्म करने की इन कोशिशों के खिलाफ पूरे देश में मैसेज देने के लिए, कांग्रेस 14 दिसंबर को रामलीला मैदान में वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली करेगी।

बोगस वोटर्स और धांधली का आरोप

कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि पार्टी को भारत के कोने-कोने से करोड़ों हस्ताक्षर मिले हैं, जो भाजपा-भारतीय चुनाव आयोग के गलत तरीकों को गलत ठहराते हैं। उन्होंने चुनाव आयोग पर ये गंभीर आरोप लगाए हैं।

वोटर रोल में हेराफेरी: बोगस वोटर्स को जोड़ना और विरोधी वोटर्स को बड़े पैमाने पर हटाना।

नियमों का उल्लंघन: चुनाव आयोग का नियमों को तोड़ना और एमसीसी (मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट) के उल्लंघन को नजरअंदाज करना।

पक्षपात: चुनाव आयोग जो कभी एक न्यूट्रल अंपायर था, अब एक खुलेआम पार्टी का खिलाड़ी बन गया है।

वेणुगोपाल ने कहा कि जब चुनाव सिस्टम पर यह हमला हो रहा है, तो कांग्रेस चुप नहीं रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह महारैली वोट चोरों के चंगुल से भारतीय लोकतंत्र को वापस पाने की हमारी लड़ाई की बस शुरुआत है।

Also Read: सोनभद्र खदान हादसे में बड़ा एक्शन, माइंस मैनेजर समेत चार गिरफ्तार, 7 मजदूरों की हुई थी मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.