पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ CM आवास की ओर बढ़े कांग्रेस कार्यकर्ता, अजय राय समेत कई नेता हिरासत में

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रचंड प्रदर्शन किया। हाथों में लाठियां थामे सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता प्रदेश मुख्यालय से मुख्यमंत्री आवास (5-कालिदास मार्ग) का घेराव करने निकल पड़े। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने सड़कों पर चार परतों (4-लेयर) की मजबूत बैरिकेडिंग कर रखी थी, लेकिन उग्र कार्यकर्ताओं ने पहली बैरिकेडिंग को ध्वस्त कर दिया और करीब 100 मीटर आगे तक घुस गए।

इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हुई। दूसरी बैरिकेडिंग पर चढ़ने की कोशिश कर रहे पूर्व एमएलसी दीपक सिंह समेत कई नेताओं को पुलिस ने बलपूर्वक पीछे धकेला। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सिर पर पारंपरिक पगड़ी बांधकर मौके पर ही जमीन पर धरने पर बैठ गए। आखिरकार पुलिस ने अजय राय समेत दर्जनों नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।

क्या था पूरा मामला

दरअसल, यह पूरा सियासी घमासान दिल्ली से शुरू हुआ था। मंगलवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। इसके विरोध में बीजेपी ने लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी थी। बीजेपी के इस ऐलान का करारा जवाब देने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में आपात बैठक बुलाई गई, जिसके बाद कांग्रेसियों ने सड़कों पर उतरकर यह आक्रामक शक्ति प्रदर्शन किया।

Also Read: NEET विवाद पर खरगे का सरकार को अल्टीमेटम, बोले- पहले धर्मेंद्र प्रधान दें इस्तीफा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.