भारत को बदनाम करने की साजिश नाकाम! इजरायल ने ‘सेना अधिकारी पर यौन शोषण’ के वायरल दावे को बताया फर्जी

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदनाम करने की एक और साजिश नाकाम हो गई है। इजरायल ने एक वायरल हो रहे दावे का खंडन किया है, जिसमें कहा गया था कि जम्मू-कश्मीर में एक सैन्य अभ्यास के दौरान एक भारतीय सैन्य अधिकारी पर इजरायली महिला सैनिक के यौन शोषण का आरोप लगाया गया है। यह दावा सोशल मीडिया पर एक कथित पत्र के माध्यम से तेजी से फैलाया गया, जिस पर भारत में इजरायल के पूर्व राजदूत नाओर गिलोन के हस्ताक्षर बताए गए थे।

इजरायली वायरल पत्र को किया खारिज

भारत में इजरायली दूतावास ने इस वायरल पत्र को सिरे से खारिज करते हुए इसे “फर्जी खबर” बताया है। दूतावास ने कहा कि ऐसा कोई पत्र भारत सरकार को जारी नहीं किया गया है और यह खबर पूरी तरह मनगढ़ंत है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “इजरायल और भारत के संबंध इतने मजबूत हैं कि नफरत फैलाने वाले अब फर्जी खबरों का सहारा ले रहे हैं। लेकिन यह चाल काम नहीं करेगी।”

द्विपक्षीय संबंधों को कमजोर करने की थी साजिश

इजरायली दूतावास ने भारत और इजरायल के बीच गहरे और मजबूत कूटनीतिक संबंधों पर जोर दिया और इस तरह की भ्रामक खबरों को द्विपक्षीय संबंधों को कमजोर करने की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि “फर्जी खबरों के सहारे भारत और इजरायल की दोस्ती को नुकसान नहीं पहुंचाया जा सकता।”

बता दे, इस घटनाक्रम से ठीक पहले, 24 अप्रैल को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की थी। दोनों नेताओं ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की थी, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। भारत ने इस हमले के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराते हुए कड़े कदम उठाए हैं। फिलहाल भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं।

Also Read: भारत के सख्त तेवर से डरा पाकिस्तान, सीमा पर तैनात किए रडार सिस्टम और फाइटर जेट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.