कंटेनर ने श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली में मारी टक्कर, 4 लोगों की मौत, 20 से अधिक घायल
Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। देवबंद स्टेट हाईवे पर सर्वोदय ज्ञान स्कूल और फ्लाईओवर के पास सुबह करीब आठ बजे तेज रफ्तार कंटेनर ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में मेरठ के सरधना क्षेत्र स्थित कुशावली गांव के चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 20 से 25 लोग घायल हो गए।
मेरठ के कुशावली गांव के ग्रामीण नवरात्र के पावन अवसर पर मां शाकुंभरी देवी के दर्शन कर पवित्र ज्योत लेकर अपने गांव लौट रहे थे। पूरी रात सफर करने के बाद सुबह देवबंद में चाय-पानी के लिए रुके थे, तभी यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रॉली में बैठे लोग उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरे।
मृतकों की पहचान और राहत कार्य
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय निवासियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, जिनमें से दो की हालत काफी गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान अमन राणा (25), रमेश उर्फ रिंकू (55), सागर (22) और पंकज (25) के रूप में हुई है।
दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार और गांव में मातम छा गया। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। डीएम अरविंद चौहान ने बताया कि सभी घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार कंटेनर चालक व वाहन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: दिल्ली कूच से पहले मेरठ में 100 से अधिक नेता और पदाधिकारी हाउस अरेस्ट

