लगातार बारिश से लखनऊ ठप, जिलाधिकारी ने स्कूल बंद करने का दिया आदेश , 39 जिलों में येलो अलर्ट जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी में शुक्रवार सुबह से हो रही लगातार भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। सुरक्षा के मद्देनज़र जिलाधिकारी विशाख जी ने शहर के सभी बोर्डों के कक्षा 8 तक के स्कूलों को एक दिन के लिए बंद करने का आदेश जारी किया। प्रशासन का कहना है कि जलभराव और मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए यह कदम बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
गुरुवार रात से जारी तेज वर्षा के कारण शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। वहीं, प्रदेश के तराई और दक्षिणी क्षेत्रों में भी लगातार बारिश हो रही है, जिससे प्रयागराज, वाराणसी, चित्रकूट समेत 24 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। इन इलाकों में यातायात और रोज़मर्रा की जिंदगी पर भी असर पड़ा है।

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बांग्लादेश और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम तंत्र के कारण प्रदेश में फिलहाल रुक-रुक कर वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग ने विंध्य, तराई और पूर्वांचल के 39 जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
गुरुवार को बहराइच में सबसे अधिक 71 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि लखनऊ में 59 मिमी वर्षा हुई।
आज जिन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा और आसपास के क्षेत्र।

