लखनऊ में ठेकेदार की गला रेतकर हत्या, खून से लथपथ मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ठेकेदार का खून से सना शव उसके कमरे में बेड पर पड़ा मिला। मृतक की पहचान 46 वर्षीय उमा शंकर सिंह के रूप में हुई है, जो अर्जुन एन्क्लेव में किराए पर रहते थे। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 9 बजे उमा शंकर की एक परिचित महिला उनके कमरे पर पहुंची। दरवाजा बाहर से बंद था, लेकिन महिला के पास कमरे की दूसरी चाबी थी। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, भीतर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। उमा शंकर का शव खून से लथपथ बेड पर पड़ा था। महिला ने तुरंत मकान मालिक मोहम्मद मुस्तकीम खान को इसकी जानकारी दी।
कमरे में अकेले रहता था ठेकेदार
मकान मालिक मोहम्मद मुस्तकीम ने बताया कि वह फरवरी से बेंगलुरु में अपने बेटे के पास थे। कॉलोनी के गार्ड की सिफारिश पर उन्होंने दो महीने पहले उमा शंकर को किराए पर कमरा दिया था। बताया गया कि उमा शंकर अक्सर सुलतानपुर में रहते थे और लखनऊ वाले कमरे में 10-15 दिन में एक बार ही आते थे। चार दिन पहले ही वह कमरे पर लौटे थे और सोमवार शाम कुछ लोगों के साथ वापस आते दिखे थे।
महिला और उसकी मां से पूछताछ जारी
जिस महिला ने सबसे पहले शव देखा और सूचना दी, उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। महिला की मां से भी पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला का उमा शंकर के घर आना-जाना नियमित था और उसी के पास कमरे की दूसरी चाबी भी थी।
पुलिस जांच में जुटी, हर एंगल से हो रही पड़ताल
डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि फिलहाल घटना की बारीकी से जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर हत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पूछताछ और फोरेंसिक जांच की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Lucknow: सिविल अस्पताल की टंकी पर चढ़ा शख्स, आत्मदाह की दी धमकी, सामने आई ये वजह

