Lucknow News : ठेकेदार की लापरवाही से बना दलदल, स्कूली वैन फंसी, हादसे से बाल-बाल बचे बच्चे

Sandesh Wahak Digital Desk:  राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र के अनौरा गांव में “हर घर जल योजना” के तहत जल निगम ने पानी की पाइप लाइन डालने के लिए पक्की सड़क को खोद दिया। लेकिन काम पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत करना जैसे ठेकेदार भूल ही गया। नतीजतन, बारिश के मौसम में यह सड़क अब दलदल का रूप ले चुकी है और आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। उनका कहना है कि गड्ढों और कीचड़ से भरी सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। सबसे बड़ी चिंता बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर है।

स्कूली वैन हादसे का शिकार, ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

गुरुवार सुबह वैन ड्राइवर रोहित बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए अनौरा से पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। रास्ते में वैन गहरे कीचड़ और जल निगम द्वारा छोड़े गए गड्ढे में फंस गई। अचानक वैन हिलने लगी, बच्चे घबरा गए और चीखने-चिल्लाने लगे। हालांकि ड्राइवर ने सतर्कता दिखाते हुए गाड़ी को पलटने से बचा लिया और एक-एक कर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। सौभाग्य से किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन यह घटना एक बड़े हादसे की चेतावनी जरूर है।

प्रशासन मौन, लोग परेशान

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। सड़कों की दुर्दशा और ठेकेदार की लापरवाही से पूरे इलाके में रोष है। अब सवाल यह है कि क्या जल निगम और प्रशासन इस गंभीर लापरवाही का संज्ञान लेंगे? और क्या ऐसे लापरवाह ठेकेदारों पर कोई कार्रवाई होगी, जो लोगों की जान से खेल रहे हैं?

स्थानीयों की मांग – जल्द हो सड़क की मरम्मत और ठेकेदार पर कार्रवाई

ग्रामीणों की मांग है कि सड़क की मरम्मत तुरंत करवाई जाए और उस ठेकेदार को जवाबदेह ठहराया जाए, जिसकी वजह से यह खतरा बना हुआ है। वरना जल्द ही कोई बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।

Also Read : यूपी में रोड सेफ्टी पर बड़ा फैसला: नियम…

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.