India AI Impact Summit में प्रदर्शन पर बढ़ा विवाद, LG से मिला कांग्रेस डेलिगेशन
Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट (India AI Impact Summit) के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा शर्टलेस प्रदर्शन किए जाने के बाद सियासी विवाद गहरा गया है। इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने देश के कई शहरों में कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक कांग्रेस के 8 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है, जिनमें यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब भी शामिल हैं। कांग्रेस ने इन गिरफ्तारियों पर नाराजगी जताई है।
उपराज्यपाल से मिला प्रतिनिधिमंडल
पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार 24 फरवरी को दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से मिला। इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस नेता अजय माकन, डीपीसीसी अध्यक्ष देवेंद्र यादव सहित अन्य नेता शामिल थे। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एआई समिट में यूथ कांग्रेस वॉलंटियर्स के व्यवहार और उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर एक ज्ञापन उपराज्यपाल को सौंपा।
‘बिना भेदभाव होगी कानूनी कार्रवाई’
ज्ञापन लेने के बाद उपराज्यपाल ने स्पष्ट कहा कि इस मामले में बिना किसी भेदभाव के कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पहली नजर में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हरकत देश को बदनाम करने के मकसद से की गई प्रतीत होती है, वह भी ऐसे समय में जब एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित हो रहा था।
राष्ट्रीय छवि पर उठाया सवाल
उपराज्यपाल ने कहा कि एआई समिट (India AI Impact Summit) किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक दल द्वारा नहीं, बल्कि भारत देश द्वारा होस्ट किया जा रहा था। ऐसे में कार्यक्रम स्थल पर बिना अनुमति किया गया विरोध प्रदर्शन गलत सोच और गलत इरादे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
गिरफ्तारी के तरीके पर जताई आपत्ति
वहीं मुलाकात के बाद कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने कहा कि उन्होंने भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष और अन्य कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के तरीके को लेकर उपराज्यपाल से चर्चा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध और विचार व्यक्त करना विपक्ष का अधिकार है। कांग्रेस ने India AI Impact Summit में हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस के एक्शन समेत इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है।
Also Read: लखनऊ: पुलिस की रडार पर चढ़ा शातिर वारंटी माजिन खान, चौक पुलिस ने पार्किंग से दबोचा

