राजा भैया की ‘शस्त्र पूजा’ पर विवाद, पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने DGP से की जांच की मांग

Sandesh Wahak Digital Desk: दशहरे के अवसर पर कुंडा के बेंती राजमहल में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया द्वारा की गई पारंपरिक शस्त्र पूजा अब विवादों में घिर गई है। इस दौरान किए गए बड़े पैमाने पर हथियारों के सार्वजनिक प्रदर्शन पर सवाल उठने लगे हैं।

पूर्व IPS ने आर्म्स एक्ट के उल्लंघन की आशंका जताई

पूर्व आईपीएस अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने इस पूरे मामले की जांच की मांग करते हुए उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र भेजा है। अमिताभ ठाकुर ने पत्र में कहा है कि जो वीडियो सामने आए हैं, उनमें एक ही स्थान पर सैकड़ों की संख्या में शस्त्र प्रदर्शित होते दिख रहे हैं।

उन्होंने स्वीकार किया कि राजा भैया के समर्थकों द्वारा यह कहा गया है कि ये सभी शस्त्र वैध हैं, लेकिन इसके बावजूद इतनी बड़ी संख्या में हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन गंभीर चिंता का विषय है। अमिताभ ठाकुर का कहना है कि यह प्रदर्शन आर्म्स एक्ट, 1959 और आर्म्स रूल्स, 1962 के प्रावधानों का उल्लंघन हो सकता है।

700 से अधिक हथियारों की नुमाइश का वीडियो वायरल

राजा भैया के पैतृक आवास पर वर्षों से शस्त्र पूजन की परंपरा चली आ रही है, लेकिन इस बार की पूजा इसलिए सुर्खियों में आई क्योंकि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक लंबी मेज पर करीने से सजे करीब 700 से अधिक हथियारों की नुमाइश देखी गई। अमिताभ ठाकुर ने कहा कि सामने आए तथ्यों से स्पष्ट है कि कानून का पालन नहीं किया गया है, इसलिए इस मामले की विस्तृत जांच और नियमों के तहत उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। इस वीडियो के बाद अब इस पूरे प्रदर्शन पर कानूनी कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है।

Also Read: लखनऊ नगर निगम में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन, महापौर और नगर आयुक्त ने सुनी शिकायतें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.