लखनऊ में फिर बढ़ने लगे कोरोना के मामले, 9 महीने का मासूम भी संक्रमित

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों में एक बार फिर बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। राजधानी लखनऊ में बीते 24 घंटे के भीतर कोरोना के दो नए मरीज मिले हैं। चिंताजनक बात यह है कि इन दोनों में से एक मात्र 9 महीने का मासूम बच्चा है।

जानकारी के अनुसार, बीकेटी क्षेत्र के कठवारा गांव में रहने वाले एक 9 महीने के बच्चे को पिछले एक हफ्ते से बुखार, खांसी और जुकाम की शिकायत थी। जब लक्षणों में सुधार नहीं हुआ, तो परिजनों ने डॉक्टर से संपर्क किया। डॉक्टर ने कोविड-19 जांच की सलाह दी। जांच के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल बच्चे का इलाज होम आइसोलेशन में किया जा रहा है और उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

सरोजनी नगर में 42 वर्षीय शख्स संक्रमित

दूसरा मामला सरोजनी नगर के हाइडिल कॉलोनी से सामने आया है, जहां 42 साल के व्यक्ति को सांस लेने में तकलीफ और जुकाम की समस्या हुई। जब उन्होंने कोविड जांच करवाई तो उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। उन्हें भी होम आइसोलेशन में रखा गया है और चिकित्सकीय निगरानी जारी है।

लखनऊ में 76 एक्टिव केस

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, लखनऊ में अब तक कुल 76 एक्टिव कोरोना केस हैं। दोनों नए मरीजों को घर में ही आइसोलेट कर इलाज किया जा रहा है। साथ ही परिजनों को सतर्क रहने और एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

हालांकि केसों की संख्या फिलहाल कम है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि लक्षण नजर आने पर तुरंत जांच करानी चाहिए और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी है, खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों की सेहत का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है।

Also Read: बदायूं में भाजपा नेता पर सरेआम हमला, दबंगों ने सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.