Corona Update: यूपी में फिर बढ़ने लगे कोरोना के मामले, लखनऊ में 4 दिन में मिले 22 नए संक्रमित
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण एक बार फिर रफ्तार पकड़ता दिख रहा है। बीते 24 घंटों में राज्यभर में 26 नए मरीजों की पुष्टि हुई है, जिससे एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 226 पहुंच गई है। सबसे ज्यादा मामले गौतमबुद्ध नगर में 17 और गाजियाबाद में 2 सामने आए हैं।
राजधानी लखनऊ में भी स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। पिछले चार दिनों में यहां कोरोना के 22 नए केस रिपोर्ट हुए हैं। फिलहाल लखनऊ में 35 एक्टिव केस हैं।
रविवार सुबह आई रिपोर्ट के मुताबिक, बीते 24 घंटे में लखनऊ में 1 नया संक्रमित मिला। शनिवार को 4, शुक्रवार को 10 और गुरुवार को 7 मरीज सामने आए थे। इस सीजन में अब तक राजधानी में 67 कोरोना मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। शनिवार को मिले चार नए मरीजों में एक 85 वर्षीय बुजुर्ग (तेलीबाग निवासी) शामिल हैं, जिन्हें पिछले तीन दिनों से बुखार, जुकाम और सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजनों ने निजी जांच केंद्र में उनका टेस्ट कराया, जहां रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
बीते शुक्रवार को मिले थे 10 संक्रमित
इसके अलावा मोहनलालगंज क्षेत्र से 38 और 58 वर्षीय दो पुरुषों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। चौक इलाके में रहने वाले 19 वर्षीय छात्र में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है।
शुक्रवार को मिले 10 संक्रमितों में पांच पुरुष और पांच महिलाएं शामिल थीं। इनमें एक मरीज थाईलैंड यात्रा से लौटे जानकीपुरम निवासी हैं, जो 8 जून को विदेश गए थे और 17 जून को लखनऊ लौटे। इसके अलावा KGMU कैंपस के तीन डॉक्टर भी पॉजिटिव पाए गए थे। गुरुवार को सामने आए 7 नए मामलों में एक 6 माह की बच्ची और रहीमाबाद क्षेत्र की 12 साल की बच्ची भी संक्रमित पाई गई थीं। बाकी मरीजों में पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं।
सावधानी जरूरी
स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि अगर किसी को बुखार, जुकाम या सांस की दिक्कत हो, तो तुरंत जांच कराएं और डॉक्टर से सलाह लें। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने और भीड़ से बचने की सलाह भी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग हालात पर नजर रखे हुए है और तेजी से केस बढ़ने की स्थिति में जरूरी कदम उठाने को तैयार है। वहीं, कोरोना टेस्टिंग और निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
Also Read: मोहर्रम को लेकर लखनऊ पुलिस हाई अलर्ट पर, शहरभर में बैठकें, कड़ी निगरानी और सख्त…

