Coronavirus: तेजी से पांव पसार रहा कोरोना, इस राज्य में मिले 53 मरीज, दो की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक बार फिर कोरोना वायरस का प्रकोप देखने को मिल रहा है। बीएमसी की रिपोर्ट के अनुसार, शहर में अब तक 53 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही दो मरीजों की मौत की भी पुष्टि हुई है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि जिन दो मरीजों की जान गई, वह पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। एक को मुंह का कैंसर था जबकि दूसरा मरीज नेफ्रोटिक सिंड्रोम से पीड़ित था। दोनों का इलाज केईएम अस्पताल में चल रहा था।

अस्पतालों में तैयारियां और व्यवस्था

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बीएमसी ने अस्पतालों में विशेष प्रबंध किए हैं। सेवन हिल्स अस्पताल में वयस्कों के लिए 20 एमआईसीयू बेड, बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए 20 बेड तथा 60 सामान्य बेड की व्यवस्था की गई है। वहीं कस्तूरबा अस्पताल में दो आईसीयू बेड और 10 बेड का एक वार्ड कोविड मरीजों के लिए तैयार रखा गया है। जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या तुरंत बढ़ाई जाएगी।

विभाग की अपील- घबराएं नहीं, सतर्क रहें

जनवरी 2025 से अप्रैल 2025 तक शहर में कोरोना के मामलों में काफी गिरावट देखी गई थी, लेकिन मई के महीने में फिर से संक्रमण के केस बढ़ने लगे हैं। हालांकि प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है और संक्रमण पर नियंत्रण के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि सावधानी बरतें और लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सा सलाह लें।

क्या हैं कोरोना वायरस के लक्षण

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कोरोना वायरस के आम लक्षणों में बुखार, सूखी खांसी, गले में खराश, थकान, सिरदर्द और मांसपेशियों में दर्द शामिल हैं। कुछ मामलों में नाक बहना, सर्दी, स्वाद या गंध का चला जाना भी हो सकता है। लक्षण हर व्यक्ति में अलग-अलग हो सकते हैं। अगर किसी को सांस लेने में तकलीफ हो रही हो, तो वह गंभीर संकेत हो सकता है और ऐसे में तुरंत डॉक्टर से संपर्क जरूरी है।

Also Read: Maharashtra: फडणवीस सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार, NCP नेता छगन भुजबल ने ली मंत्री पद की शपथ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.