Corruption: दुबई में खपाई नेताओं की काली कमाई, अफ्रीका में खरीदा द्वीप

3500 करोड़ की ठगी के आरोपी लविश चौधरी उर्फ नवाब की अवध के माननीयों से साठ-गांठ, ईडी को मिले तथ्य

Sandesh Wahak Digital Desk: मुजफ्फनगर के अपने गांव में कभी किराना की दुकान चलाने वाले दुबई के लविश चौधरी उर्फ नवाब की वर्तमान हैसियत कई हजार करोड़ की हो चुकी है। सिर्फ यही नहीं इसका ख़ास गुर्गा राहुल भी कभी बाइक शोरूम में अदना सा सेल्स एजेन्ट था।

यह भी नवाब के सम्पर्क में आने के बाद न सिर्फ करोड़ों में खेल रहा है बल्कि कई जिलों में सम्पत्तियां तक खरीद चुका है। यूपी, एमपी, हिमाचल, दिल्ली, उत्तराखंड और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में दुबई के इस नवाब ने न सिर्फ तकरीबन 3500 करोड़ की बड़ी ठगी को अंजाम दिया है बल्कि कई सफेदपोशों की भारी काली कमाई भी विदेशों में खपा रहा है। इसके लिए लविश ने  फॉरेक्स ट्रेडिंग को चुना है। दो हफ़्तों पहले ईडी ने लविश समेत उससे जुड़े एजेंटों और करीबियों के ठिकानों पर जो छापेमारी की थी। उसमें सिर्फ हजार करोड़ की मनी लांड्रिंग के तथ्य सामने आये हैं। गृह मंत्रालय जहां पहले ही लविश के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर चुका है।

नवाब के एजेंट अयोध्या में खरीद रहे कीमती जमीनें

वहीं इंटरपोल ने भी इसी माह की शुरुआत में ब्लू नोटिस जारी करके उसे विदेश से लाने की कवायद शुरू की है। लेकिन लविश के एजेंटों पर शिकंजा कसने में एजेंसियां अभी भी पूरी तरह नाकाम साबित हो रही हैं। जो बड़े पैमाने पर दुबई से लेकर अयोध्या तक में निवेश करा रहे हैं। खासतौर पर अवध क्षेत्र के नेताओं ने लविश के करीबी राहुल के जरिये फॉरेक्स ट्रेडिंग में जबरदस्त हाथ आजमाएं है। ईडी को एक नेता द्वारा अफ्रीका में द्वीप खरीदे जाने की जानकारी भी हाथ लगी है।

इसी नेता द्वारा लविश के एजेंटों को खुला प्रश्रय दिया जा रहा है। नवाब की काली कमाई को यूपी में बड़े पैमाने पर एजेंट राहुल सफेद करा रहा है। जिसने अयोध्या में पिछले माह करोड़ों की जमीन खरीदी है। एजेंसियों को शक है कि फॉरेक्स ट्रेडिंग और दुबई में नेताओं के निवेश के जरिये जो मोटा कमीशन राहुल को मिला है। उसके जरिये जिलों में सम्पत्तियां खरीदी गयी हैं।

ईडी ने इंटेलिजेंस से जानकारी भी सांझा की है कि एजेंट राहुल नेपाल और देवीपाटन मंडल में सक्रिय है। संरक्षणदाता के रूप में कद्दावर नेता का नाम सामने आ रहा है।

गाजियाबाद के भाजपा नेता की कुंडली भी हाथ आयी

ईडी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक दुबई के नवाब के करीबी गाजियाबाद के भाजपा नेता व अल्पसंख्यक मोर्चे से जुड़े रहे अलीमुद्दीन अंसारी की कुंडली भी हाथ लगी है। आरोपों के मुताबिक राहुल ने एनसीआर के जिन नेताओं की काली कमाई विदेशों में खपाई है। उसमें अंसारी की अहम भूमिका है। 15 अक्टूबर को ईडी ने गाजियाबाद में अंसारी के ठिकानों पर भी छापे मारे थे। हवाला और क्रिप्टो नेटवर्क में माहिर अलीमुद्दीन के ऊपर ईडी के साथ अन्य शीर्ष एजेंसियों की भी पैनी निगाह है। सूत्रों की माने तो पश्चिमी यूपी की बड़ी मीट फर्मों की मनीलांड्रिंग के तार भी इसी सिंडिकेट से जुड़ रहे हैं। फिलहाल जांच जारी है।

Also Read: हापुड़: 20 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, गोली लगने के बाद हाथ जोड़कर मांगी माफी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.