कफ सिरप: शुभम समेत 6 पर गैर-जमानती वारंट, 50 हजार के इनामी महेश सिंह ने किया सरेंडर

वाराणसी: कोडीनयुक्त कफ सिरप के जरिए नशे के अवैध काले कारोबार के खिलाफ वाराणसी पुलिस और कोर्ट ने शिकंजा और कस दिया है। शुक्रवार को एडीजे (फास्ट ट्रैक) मनोज कुमार की अदालत ने इस सिंडिकेट के मुख्य आरोपी और ‘किंगपिन’ शुभम जायसवाल समेत छह फरार आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी कर दिया है।

कोर्ट की सख्त कार्रवाई और संपत्ति जब्ती

शुभम जायसवाल के पिता और शैली ट्रेडर्स के प्रोपराइटर भोला प्रसाद जायसवाल को शुक्रवार को सोनभद्र जेल से वाराणसी कोर्ट में पेश किया गया। जांच में भोला और उसके परिवार के नाम ₹32 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति का खुलासा हुआ है। पुलिस इस संपत्ति को कुर्क करने की तैयारी में है, जिस पर अगली सुनवाई 9 जनवरी को होगी।

ड्रग इंस्पेक्टर जुनाब अली की जांच के अनुसार, आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर ‘शैली ट्रेडर्स’ जैसी फर्जी फर्में बनाईं और देश-विदेश में नशे के लिए कफ सिरप की तस्करी की।

इनामी महेश सिंह ने किया सरेंडर, पुलिस को नहीं लगी भनक

कफ सिरप सिंडिकेट में शामिल ₹50 हजार के इनामी प्रधान प्रतिनिधि और गोदाम मालिक महेश सिंह ने शुक्रवार को चुपचाप कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पिछले दिनों रोहनिया क्षेत्र में महेश सिंह के जिम के नीचे बने गोदाम से 93 हजार शीशी (कीमत ₹2 करोड़) कफ सिरप बरामद हुई थी। पुलिस महेश की तलाश में दबिश दे रही थी, लेकिन उसने चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

37 फार्मा फर्मों के लाइसेंस निरस्त

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने भी इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को वाराणसी की तीन प्रमुख फर्मों— किरण फार्मा, वेदिका इंटरप्राइजेज और अथर्व ट्रेडर्स के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए। अब तक जिले में इस सिंडिकेट से जुड़ी कुल 37 फर्मों के लाइसेंस रद्द किए जा चुके हैं।

दुबई भागा किंगपिन, तलाश जारी

किंगपिन शुभम जायसवाल पर ₹75 हजार का इनाम है और उसके दुबई भागने की प्रबल संभावना है। पुलिस उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की दिशा में भी काम कर रही है। उसके साथ दिवेश जायसवाल, विकास सिंह, आकाश पाठक, राहुल यादव और अमित जायसवाल भी वांछित हैं।

Also Read: ‘राज्य और केंद्र के आंकड़ों में अंतर पैदा कर रहा है संदेह’, अखिलेश यादव का चुनाव आयोग पर निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.