माघ मेले का काउंटडाउन शुरू: त्रिवेणी संगम में हुआ गंगा पूजन, श्रद्धालुओं के लिए होगा ‘सुगम, सुरक्षित, स्वच्छ’ महासंगम
Sandesh Wahak Digital Desk: कुंभ नगरी प्रयागराज में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती की त्रिवेणी के तट पर हर साल लगने वाले देश के सबसे बड़े वार्षिक धार्मिक मेले, माघ मेले का काउंटडाउन शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस बार मेले की व्यवस्था भव्य करने की तैयारी है, जिसमें विस्तार और व्यवस्थापन के नए रिकॉर्ड बनाने की उम्मीद है।
मेले की शुरुआत 03 जनवरी से होगी, जिसके सकुशल संपन्न होने के लिए मंगलवार को संगम तट पर गंगा पूजन किया गया। प्रशासन और तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा की आरती व पूजा-अर्चना की और मेले की सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा।
व्यवस्था और विस्तार में बनेंगे नए रिकॉर्ड
इस बार का माघ मेला महाकुंभ 2025 के बाद का पहला माघ मेला है, इसलिए इसमें कई अभिनव प्रयोग किए जा रहे हैं।
थीम: इस बार के माघ मेले की थीम ‘सुगम, सुरक्षित, स्वच्छ और सुलभ’ होगी।
श्रद्धालु अनुमान: देश-दुनिया से करीब 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।
विस्तार: मेले का आयोजन 7 सेक्टरों में 800 हेक्टेयर भूमि पर किया जाएगा।
मंडलायुक्त प्रयागराज श्रीमती सौम्या अग्रवाल ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप मेले का आयोजन स्वच्छ, सुगम, सुरक्षित एवं भव्य रूप से किया जाएगा।
यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान
मंडलायुक्त ने बताया कि पुराने अनुभवों से सीख लेकर इस बार यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नए प्रयोग किए जा रहे हैं।
- श्रद्धालुओं को कम से कम चलना पड़े इसके लिए विशेष व्यवस्था।
- पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाना।
- भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक व्यवस्था को उन्नत ढंग से लागू करना।
- नेटवर्किंग की अच्छी व्यवस्था सुनिश्चित करना।
मंगलवार को माघ मेला 2026 के सकुशल संपन्न होने की मंगल कामना हेतु हुए गंगा पूजन के अवसर पर मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र कुमार, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, मेलाधिकारी/प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषिराज, नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा व अन्य अधिकारी तथा संतगण मौजूद रहे।
Also Read: लखनऊ ग्रीन कॉरिडोर: समतामूलक से निशातगंज का सफर अब मात्र 5 मिनट में, 15 दिसंबर तक पूरा होगा काम

