देश की राजनीति दिशाहीन, वोट चोरी के खिलाफ जनता को करेंगे जागरूक: चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह (चंदौली) ने सन्देश वाहक के सलाहकार संपादक स्नेह रंजन जी से बातचीत के दौरान केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखे आरोप लगाए।

उन्होंने कहा कि देश आज एक दिशाहीन स्थिति में खड़ा है, जहां कूटनीति, चुनावी व्यवस्था और जनहित के मुद्दे दरकिनार कर दिए गए हैं।

‘दलाई लामा के कार्यक्रम में जाने से रोका गया’

वीरेंद्र सिंह ने दावा किया कि उन्होंने दलाई लामा के जन्मदिवस पर आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन में शामिल होने की अनुमति भारत सरकार से मांगी थी, लेकिन बार-बार अनुरोध के बावजूद अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने यह आरोप लगाया कि—

“दुनिया भर से सांसद उस आयोजन में शामिल हुए, लेकिन मुझे रोका गया। यह इस बात का प्रमाण है कि भारत सरकार की चीन को लेकर नीति केवल दिखावटी है।

प्रधानमंत्री खुद चीन से संबंध सुधारने की कोशिश करते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई स्पष्ट नीति नहीं है।”

‘भारत की कूटनीति दिशाहीन, लद्दाख की संप्रभुता खतरे में’

सांसद वीरेंद्र सिंह ने लद्दाख के मुद्दे पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा—

“लद्दाख अब एक तरह से बफर ज़ोन बन चुका है। उसकी पहचान और संप्रभुता उतनी ही ज़रूरी है जितनी नेपाल की चीन से दूरी।

लेकिन भारत सरकार ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है। प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री तक चीन को लेकर कोई स्पष्ट संदेश नहीं दे रहे हैं।”

चुनाव व्यवस्था पर गंभीर आरोप

वीरेंद्र सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह चुनाव जीतने के लिए वोटर लिस्ट में गड़बड़ी कर रही है। उन्होंने कहा—

“एक ही समय पर चुनाव न कराकर अलग-अलग प्रदेशों में अलग-अलग समय पर चुनाव कराना भाजपा की चाल है, ताकि डुप्लीकेट वोटर एक राज्य से दूसरे राज्य जाकर वोट डाल सकें। अब यह काम वोटर लिस्ट रिवीजन के नाम पर किया जा रहा है।”

उन्होंने कहा कि एक साथ पूरे वोटर लिस्ट को बदल देना विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा करता है, और इससे गरीब तबके के मतदाताओं के अधिकारों का हनन हो रहा है।

‘वोट चोरी, गद्दी छोड़’, का नारा लेकर जनता के बीच जाएंगे

वीरेंद्र सिंह ने ऐलान किया कि समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और इंडिया गठबंधन मिलकर “वोट चोरी, गद्दी छोड़” का नारा जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा—

“हमारा काम है मतदाताओं को जागरूक करना। जब जनता जान जाएगी कि उनके वोट का अधिकार छीना जा रहा है, तो भाजपा की ये साजिशें सफल नहीं होंगी।”

बिहार चुनाव पर दावा: “बेईमानी के रथ को रोका”

बिहार में INDIA गठबंधन की हालिया रणनीति की सराहना करते हुए उन्होंने कहा—

“जिस तरह राम मंदिर आंदोलन के दौरान आडवाणी का रथ बिहार में रोका गया था, उसी तरह अब वोट चोरी के रथ को रोका जा रहा है। जनता ने भाजपा की चाल समझ ली है।”

“प्रधानमंत्री की मां को गाली भाजपा की साजिश”

एक विवादित वीडियो को लेकर जब सवाल पूछा गया तो वीरेंद्र सिंह ने इसे भाजपा की साजिश बताया। उनका आरोप था कि—

“बीजेपी ने खुद अपने कार्यकर्ता से मंच से अपशब्द कहलवाकर वीडियो बनवाया और फैलाया, ताकि INDIA गठबंधन को बदनाम किया जा सके।”

RSS पर तीखा हमला: “उपदेश देने से पहले खुद अमल करें”

आरएसएस को लेकर भी सपा सांसद ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा—

“हम गांधी जी को मानने वाले लोग हैं। उन्होंने हर सामाजिक बुराई को खुद अनुभव करके समाज को संदेश दिया।

लेकिन आरएसएस केवल उपदेश देता है, खुद कुछ नहीं करता। गेरुआ वस्त्र पहन लेने से कोई समाजसेवी नहीं बन जाता।”

रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

Also Read: Unnao News: एक्सप्रेसवे पर खड़ी कार में मिला व्यापारी का शव, मामले की जांच में जुटी पुलिस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.