Rampur News: अदालत ने आजम खान को अमर सिंह के परिवार पर अमर्यादित टिप्पणी मामले में किया बरी
Rampur News: समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खान को एक पुराने मानहानि मामले में बड़ी राहत मिली है। पूर्व राज्यसभा सदस्य अमर सिंह के परिवार पर अमर्यादित बयान देने के आरोप में फंसे आजम खान को रामपुर की अदालत ने साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया है। कोर्ट का यह निर्णय सुनते ही आजम खान ने अदालत का आभार व्यक्त किया।
क्या था पूरा मामला
यह मामला तब का है जब आजम खान ने एक निजी चैनल को इंटरव्यू देते समय दिवंगत राज्यसभा सदस्य अमर सिंह की बेटियों को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी थी। इस टिप्पणी के बाद अमर सिंह ने नोएडा से लखनऊ तक रैली निकाली थी और डीजीपी के आदेश पर लखनऊ में आजम खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
गौरतलब है कि इंटरव्यू जौहर विश्वविद्यालय में दिया गया था, इसलिए लखनऊ से यह केस रामपुर के अजीमनगर थाने में ट्रांसफर हो गया। पुलिस ने विवेचना पूरी करने के बाद अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया था, जिसका ट्रायल एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में चल रहा था।
इस केस में मंगलवार को अंतिम बहस पूरी हो गई थी और अदालत ने निर्णय के लिए 28 नवंबर की तारीख मुकर्रर की थी। इस मामले में जेल में बंद आजम खान को कोर्ट ने व्यक्तिगत रूप से तलब किया था। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान उन्हें साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया गया।
Also Read: फतेहपुर लेखपाल सुसाइड केस: ‘संवेदनहीनता’ के खिलाफ सिद्धार्थनगर में लेखपाल संघ का धरना प्रदर्शन

