न्यायालय के आदेश पर FIR, फिर भी गिरफ्तारी नहीं! कुशीनगर में दबंगों के खौफ में पीड़ित परिवार
Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के ग्राम दुबौली में दबंग पड़ोसियों के उत्पीड़न से तंग आकर एक पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक (SP) से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित उर्मिला देवी पत्नी परशुराम चौहान ने गंभीर आरोप लगाया है कि दबंगों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने के बावजूद स्थानीय पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने में नाकाम रही है, जिससे उनका परिवार खौफ में जी रहा है।
जानलेवा हमले का विवरण
उर्मिला देवी ने एसपी को भेजे शिकायती पत्र में 22 जुलाई 2025 की घटना का विस्तार से उल्लेख किया है। गांव के हरिहर, जयराम, बाबूराम, छोटेलाल, जन्त्री, मुन्द्रिका, सुग्रीव समेत कई लोग उनके घर में घुस आए और उनके परिवार से जमकर मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने उनके पति परशुराम के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया और बेटे सत्येन्द्र को सीढ़ी से नीचे पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद आरोपितों ने गांव में घूम-घूमकर पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
न्यायिक हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़िता ने बताया कि उन्होंने घटना के बाद तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी और थाने में तहरीर भी दी, लेकिन स्थानीय नेबुआ नौरंगिया पुलिस ने विपक्षियों के प्रभाव में आकर एफआईआर तक दर्ज नहीं की। पुलिस के इस रवैये से आजिज आकर उर्मिला देवी को न्यायालय की शरण में जाना पड़ा। आखिरकार, 25 सितंबर को न्यायालय के आदेश पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ, लेकिन घटना के महीनों बीत जाने के बाद भी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।
उर्मिला देवी ने बताया कि आरोपियों के खुले घूमने के भय से कोई भी ग्रामीण गवाही देने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन और उच्चाधिकारियों से मांग की है कि सभी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए और मामले की पारदर्शी विवेचना सुनिश्चित की जाए, ताकि उनके परिवार को भयमुक्त जीवन मिल सके।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: कुशीनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन से कार टकराई, दो युवकों की मौत

