मथुरा में 25 हजार का इनामी गौ तस्कर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में पुलिस ने मंगलवार को एक मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी अंतरराज्यीय गौ तस्कर शौकत मेव को गिरफ्तार कर लिया। यह मुठभेड़ जैत थाना क्षेत्र में हुई, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, शौकत मेव मूल रूप से हरियाणा के नूंह जिले का रहने वाला है और गौ तस्करी के कई मामलों में वांछित था। वह बीते 23 मई 2024 को एक पुलिस चेकिंग के दौरान बैरियर तोड़कर फरार हो गया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी चलाई गोली
जैत थाना पुलिस को मंगलवार को सूचना मिली कि शौकत इलाके में फिर से सक्रिय है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान शौकत ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की और पुलिस द्वारा रोकने पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे शौकत के दोनों पैरों में गोली लग गई।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने शौकत को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक तमंचा, कुछ कारतूस और एक बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि शौकत बड़े पैमाने पर अंतरराज्यीय गौ तस्करी के धंधे में लिप्त था और हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में सक्रिय नेटवर्क चला रहा था।
सदर के सीओ संदीप कुमार ने बताया कि 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश शौकत मेव मुठभेड़ में घायल हुआ है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके खिलाफ पहले से ही एक मामला दर्ज है, जिसमें वह वांछित चल रहा था। अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: बाबा साहेब संग तस्वीर पर घिरे अखिलेश यादव, बीजेपी और बीएसपी ने बोला तीखा हमला

