एमएलसी चुनाव में ‘इंडी गठबंधन’ में दरार, ब्रजेश पाठक बोले- यह सिर्फ अवसरवाद का गठबंधन है
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के अलग-अलग चुनाव लड़ने पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ‘इंडी गठबंधन’ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन सिर्फ अवसरवाद पर आधारित है, इसमें न कोई वैचारिक एकता है और न ही जनता के लिए कोई सोच।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा और कांग्रेस दोनों जनता को धोखा दे रहे हैं। एक तरफ ये गठबंधन की बात करते हैं और दूसरी तरफ 11 सीटों पर अलग-अलग उम्मीदवार उतारते हैं। उन्होंने दावा किया कि इस चुनाव में बीजेपी और एनडीए के प्रत्याशी सीपी राधाकृष्णन भारी वोटों से जीत हासिल करेंगे।
कांग्रेस और सपा के ‘काले इतिहास’ पर उठाए सवाल
उपमुख्यमंत्री ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों को ‘अंतर्विरोधों से भरा’ बताया। उन्होंने कहा कि अखिलेश को कांग्रेस का इतिहास पढ़ना चाहिए, जिसने देश में आपातकाल लगाया और 90 चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त कर लोकतंत्र का गला घोंटा।
सपा पर निशाना साधते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि जब-जब सपा सत्ता में आई, तो गुंडे और माफियाओं का राज रहा। उन्होंने पुराने नारों को याद दिलाते हुए कहा, “‘देख सपाई, बिटिया घबराई’ और ‘समाजवाद का नारा है, खाली प्लॉट हमारा है’ जैसे नारे सपा के शासन की हकीकत बताते हैं।” उन्होंने कहा कि उस समय विधानसभा में भी हथियार लेकर माफिया घुसते थे और प्रदेश को अपराधियों का चारागाह बना दिया गया था।
‘भाजपा पारदर्शिता की राजनीति करती है’
ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पारदर्शिता और साफ-सुथरी राजनीति का उदाहरण पेश किया है, और यही वजह है कि आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता ऐसे अवसरवादी दलों को कभी माफ़ नहीं करेगी।
Also Read: यूपी में अब हर युवा को मिलेगी न्यूनतम वेतन की गारंटी, योगी सरकार का बड़ा ऐलान

