यूपी सरकार का मछुआरों के लिए बड़ा कदम, KCC और बीमा योजना का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि मछली पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) दिलवाने के लिए बैंकों को भेजे गए प्रस्तावों पर तेजी से काम किया जाए। साथ ही, मछुुआ दुर्घटना बीमा योजना का भी बड़े पैमाने पर प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा मछली पालकों और मछुआरों को इसका लाभ मिल सके।
विधान भवन में अपने दफ्तर में विभाग के कामकाज की समीक्षा करते हुए डॉ. निषाद ने अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत साल 2025-26 के लिए केंद्र से मिली रकम को 100% खर्च किया जाए। इसके बाद उपयोगिता प्रमाण पत्र (utilisation certificate) केंद्र सरकार को भेजा जाए ताकि अगली किस्त जल्द मिल सके और चल रहे प्रोजेक्ट समय पर पूरे हो सकें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि राज्य की योजनाओं के लिए दिए गए बजट को लाभार्थियों का चयन करके जल्द से जल्द खर्च किया जाए।
मंत्री डॉ. निषाद ने जोर देते हुए कहा कि मछली पालकों को नई तकनीक की जानकारी देने के लिए उन्हें प्रशिक्षण और एक्सपोजर विजिट पर भेजा जाए। यह काम उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष और एन.एफ.डी.बी. के माध्यम से कराया जाए। बैठक में महानिदेशक मत्स्य और निदेशक मत्स्य ने मंत्री को आश्वस्त किया कि दिए गए सभी निर्देशों का समय पर पालन किया जाएगा। इस समीक्षा बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read: नोएडा में डिफेंस हब: राजनाथ सिंह ने डिफेंस फेसिलिटी का किया उद्घाटन, सीएम योगी रहे मौजूद

