ओलंपिक 2028 में होगी क्रिकेट की वापसी: कितने ओवर का होगा मैच, कौन-कौन सी टीमें लेंगी हिस्सा, जानें सबकुछ
Sandesh Wahak Digital Desk: ओलंपिक खेलों में 128 साल बाद क्रिकेट की वापसी होने जा रही है।
लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट को आधिकारिक रूप से शामिल कर लिया गया है, और यह टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। आयोजन समिति ने क्रिकेट मैचों के कार्यक्रम की भी घोषणा कर दी है।
ओलंपिक 2028 में क्रिकेट मुकाबलों की शुरुआत 12 जुलाई से होगी और यह 19 जुलाई तक चलेगी। महिला वर्ग का गोल्ड मेडल मुकाबला 20 जुलाई को होगा, जबकि पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला 29 जुलाई को खेला जाएगा।

कितनी टीमें लेंगी हिस्सा?
क्रिकेट प्रतियोगिता में 6 पुरुष और 6 महिला टीमें हिस्सा लेंगी। हर टीम में 15 खिलाड़ी शामिल किए जा सकेंगे। क्रिकेट के सभी मुकाबले पॉमोना फेयरप्लेक्स (Pomona Fairplex) में आयोजित किए जाएंगे, जो लॉस एंजेलिस से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
क्या भारत लेगा हिस्सा?
अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि भारत इस टूर्नामेंट में सीधे खेलेगा या नहीं। टीमों के चयन और क्वालिफिकेशन प्रक्रिया को लेकर अंतिम निर्णय 17-20 जुलाई 2025 को सिंगापुर में होने वाली ICC वार्षिक बैठक में लिया जा सकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, टीम रैंकिंग्स के आधार पर कुछ टीमें सीधे क्वालिफाई कर सकती हैं, जबकि अन्य को क्वालिफाइंग टूर्नामेंट के जरिए स्थान बनाना होगा।
इस टूर्नामेंट में कुछ एसोसिएट देशों को भी खेलने का मौका मिल सकता है। भारत की भागीदारी इसी प्रक्रिया पर निर्भर करेगी — क्या वह रैंकिंग से सीधे पहुंचेगा या फिर क्वालिफाइंग खेलना होगा।
क्रिकेट आखिरी बार ओलंपिक में कब खेला गया था?
क्रिकेट को इससे पहले साल 1900 के पेरिस ओलंपिक में शामिल किया गया था। तब सिर्फ एक मैच खेला गया था, जिसमें ग्रेट ब्रिटेन ने फ्रांस को हराकर स्वर्ण पदक जीता था। यह मुकाबला दो दिनों तक चला था।
इसके बाद से क्रिकेट को ओलंपिक खेलों से बाहर रखा गया था, लेकिन अब 128 साल बाद यह दोबारा वापसी कर रहा है।

