बदायूं: 20 हजार की रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार, नलकूप कनेक्शन के बदले मांग रहा था ‘कमीशन’

Sandesh Wahak Digital Desk: भ्रष्टाचार निवारण संगठन (Anti-Corruption Organization) की बरेली इकाई ने शुक्रवार को बदायूं में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। विभाग ने बिजली विभाग के एक अवर अभियंता (JE) को किसान से रिश्वत लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भ्रष्टाचार मुक्त उत्तर प्रदेश के संकल्प और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के सख्त निर्देशों के तहत की गई है।

क्या है पूरा मामला?

शिकायतकर्ता अमरजीत सिंह, जो बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र के ग्राम करोलिया के रहने वाले हैं, अपने नलकूप (टयूबवेल) के लिए बिजली कनेक्शन चाह रहे थे। आरोप है कि अवर अभियंता प्रदीप बाबू भारती (विद्युत वितरण खंड प्रथम, बदायूं) ने कनेक्शन का एस्टीमेट बनाने के बदले में मोटी रकम की मांग की थी।

परेशान किसान ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन की बरेली यूनिट से की। जांच में मामला सही पाए जाने पर निरीक्षक प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रसूलपुर विलहरी में बिजली बिल बकाया जमा करने के लिए एक कैंप लगा था। जैसे ही जेई प्रदीप बाबू भारती ने किसान से 20 हजार रुपये की रिश्वत थामी, पहले से घात लगाकर बैठी एंटी-करप्शन टीम ने उन्हें धर दबोचा।

शाहजहांपुर का रहने वाला है आरोपी जेई

पकड़ा गया अवर अभियंता प्रदीप बाबू भारती मूल रूप से शाहजहांपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र का रहने वाला है। टीम उसे गिरफ्तार कर थाने ले गई है, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से बिजली विभाग के अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।

Also Read: केशव प्रसाद मौर्य का विपक्षी गठबंधन पर तीखा वार, बोले- गुंडे-बदमाशों की टीम है सपा, इनका भविष्य नहीं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.