लखनऊ में एंटी करप्शन टीम का बड़ा एक्शन, घूस लेते कनिष्ठ सहायक को रंगे हाथों गिरफ्तार
लखनऊ: राजधानी के बख्शी का तालाब (BKT) इलाके में बुधवार को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की लखनऊ इकाई ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने चकबंदी अधिकारी कार्यालय में तैनात एक कनिष्ठ सहायक (Junior Assistant) को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी कर्मचारी एक किसान से उसकी जमीन के कागजात में हुई गलती को सुधारने के नाम पर रुपयों की मांग कर रहा था।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता योगेश मिश्रा (निवासी ग्राम जमखनवा, बख्शी का तालाब) अपनी खतौनी में गलत दर्ज हुए ‘गाटा संख्या’ को सही करवाने के लिए काफी समय से दफ्तर के चक्कर लगा रहे थे। आरोप है कि चकबंदी कार्यालय में तैनात कनिष्ठ सहायक राजीव कुमार प्रभाकर ने इस काम को करने के बदले अवैध धनराशि (रिश्वत) की मांग की। परेशान होकर योगेश ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन से की।
इंस्पेक्टर संध्या सिंह के नेतृत्व में बिछाया गया जाल
शिकायत की पुष्टि होने के बाद इंस्पेक्टर श्रीमती संध्या सिंह के नेतृत्व में एक ट्रैप टीम का गठन किया गया। बुधवार को जैसे ही राजीव कुमार प्रभाकर ने योगेश मिश्रा से रिश्वत के 5 हजार रुपये लिए, पहले से मुस्तैद एंटी करप्शन की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी राजीव कुमार पारा क्षेत्र के हंसखेड़ा रोड का रहने वाला बताया जा रहा है।
कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी
भ्रष्टाचार निवारण संगठन की इस कार्रवाई से पूरे कार्यालय में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। अधिकारियों का साफ कहना है कि जनता को परेशान करने वाले और रिश्वत मांगने वाले किसी भी कर्मचारी या अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।
Also Read: Amethi News: शातिर चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे, रायबरेली और अमेठी में दर्ज हैं 16 मुकदमे

