CRPF जवान पाकिस्तान के लिए कर रहा था जासूसी, NIA ने पूछताछ के बाद किया गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत की सुरक्षा एजेंसियों ने एक गंभीर मामले का पर्दाफाश करते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जवान पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के संपर्क में आकर देश की संवेदनशील और गोपनीय जानकारी साझा की थी।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने इस जवान को दिल्ली से हिरासत में लिया है। पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान के खुफिया एजेंटों से संपर्क साधा था। इसके बाद वह लगातार भारत से जुड़ी गुप्त जानकारियां उन्हें भेज रहा था। इन सूचनाओं के बदले में उसे पैसे भी मिलते थे।

इस गिरफ्तारी के बाद जवान को सीआरपीएफ की सेवा नियमावली के तहत बर्खास्त कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पहले ही पाकिस्तान को कई संवेदनशील जानकारियां भेज चुका था, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता था।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ी सुरक्षा की मुहिम

गौरतलब है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नामक सुरक्षा मुहिम के तहत भारत में ऐसे लोगों की धरपकड़ की जा रही है, जो देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। इस ऑपरेशन के दौरान कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें लोग पैसे और लालच के कारण देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करते पाए गए हैं।

इससे पहले चर्चित यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा का नाम भी सामने आया था, जिस पर पाकिस्तान के लिए खुफिया जानकारी साझा करने का आरोप है। बताया गया कि वह पाकिस्तान हाई कमीशन के जरिए वहां की खुफिया एजेंसी से जुड़ी थी।

फिलहाल राष्ट्रीय जांच एजेंसी इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। एजेंसियों का मानना है कि इससे पाकिस्तान के लिए काम कर रहे जासूसी नेटवर्क के और भी तार जुड़ सकते हैं।

Also Read: Lucknow: महिला से लूट का खुलासा, शातिर बदमाश गिरफ्तार, चेन-बाइक और मोबाइल बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.