Auraiya News: पुलिस के डर से छत से कूदा साइबर ठगी का आरोपी, इलाज के दौरान हुई मौत
Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। साइबर ठगी के एक मामले में जांच करने आई हरियाणा पुलिस के डर से एक युवक अपने घर की छत से कूद गया। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
जांच के लिए पहुंची थी फरीदाबाद पुलिस
यह पूरा मामला औरैया के थाना कोतवाली क्षेत्र के ओम नगर मोहल्ले का बताया जा रहा है। हरियाणा के फरीदाबाद से साइबर थाना पुलिस एक मामले में जांच के सिलसिले में आरोपी अंकुर चतुर्वेदी के घर पहुंची थी। अचानक पुलिस को घर पर देखकर अंकुर बुरी तरह घबरा गया और वहां से भागने की कोशिश करने लगा।
युवक ने छत से लगाई छलांग
अंकुर को भागते देख पुलिस ने उसे घेरना शुरू किया। अंकुर तेज़ी से घर की छत की ओर भागा, और पुलिस भी उसका पीछा करते हुए छत पर पहुँच गई। पुलिस को अपने पीछे आता देख अंकुर ने आव देखा न ताव और सीधे छत से छलांग लगा दी। इस छलांग से वह बुरी तरह ज़ख्मी हो गया। अंकुर के छत से कूदते ही पूरे घर में हड़कंप मच गया और पुलिस के भी हाथ-पैर फूल गए। पुलिस ने तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसे इमरजेंसी वार्ड में रखा गया। इसके बाद हरियाणा पुलिस वापस लौट गई। दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान अंकुर चतुर्वेदी की मौत हो गई। इस खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल, मृतक के परिजन इस घटना पर कुछ भी बोलने से इनकार कर रहे हैं।
Also Read: Ghaziabad News: कद्दावर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी का निधन

