यूपी में मौसम का यू-टर्न: ‘मोंथा’ चक्रवात से लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश, 5°C तक गिरा पारा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में मौसम ने यू-टर्न ले लिया है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय ‘मोंथा’ चक्रवात के प्रभाव के चलते राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में सोमवार देर रात से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आने की चेतावनी दी है।

चक्रवात मोंथा और मौसमी बदलाव

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अरब सागर से आ रही नमी और बंगाल की खाड़ी में बने गहन अवदाब (जो अब गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ में बदल रहा है) के चलते बादलों की सक्रियता बढ़ी है।

‘मोंथा’ उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 28 अक्टूबर की शाम या रात तक आंध्र प्रदेश तट के काकीनाडा के पास प्रचंड चक्रवाती तूफान के रूप में पहुंच सकता है। मोंथा चक्रवात का सबसे ज्यादा असर उत्तर प्रदेश और बिहार में दिखेगा। 29 से 31 अक्टूबर के बीच बिहार से सटे पूर्वांचल के कई जिलों और बुंदेलखंड आदि में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। 30 अक्टूबर को वाराणसी समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

वर्तमान स्थिति और ठंडक

सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादलों की आवाजाही और पारे में गिरावट देखी गई। बुंदेलखंड के झांसी और ललितपुर में बूंदाबांदी हुई। सोमवार शाम तक बांदा में सर्वाधिक 14.6 मिमी और ललितपुर में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम में आए इस बदलाव के कारण शहर की हवा में ठंडक साफ महसूस हुई है। सुबह से ही लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को भी शहर में बूंदाबांदी जारी रह सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी।

किसानों की चिंता बढ़ी

अचानक बदले मौसम को देखते हुए किसानों ने अपनी धान की कटाई जोर-शोर से शुरू कर दी है। उन्हें डर है कि खेत में तैयार खड़ी धान की फसल पर पानी पड़ने से भारी नुकसान होगा।

Also Read: बिहार चुनाव: ओवैसी की पार्टी ने BSP को दिया बिना शर्त समर्थन; यूपी में मुस्लिम वोट बैंक साधने की कवायद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.