यूपी में ‘मोंथा’ चक्रवात का असर, कई जिलों में बारिश की चेतावनी, तापमान में गिरावट का अलर्ट

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में अक्टूबर का आखिरी हफ्ता चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के कारण बड़े मौसमी उतार-चढ़ाव वाला रहने वाला है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की चेतावनी दी है।

चक्रवात मोंथा का प्रभाव

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब तेजी से प्रबल होकर गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ में बदल रहा है। यह तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 28 अक्टूबर की शाम या रात तक आंध्र प्रदेश तट के काकीनाडा के पास प्रचंड चक्रवाती तूफान के रूप में पहुंच सकता है।

वैज्ञानिक के अनुसार, चक्रवात मोंथा का सबसे ज्यादा असर उत्तर प्रदेश और बिहार में देखने को मिलेगा। 29 से 31 अक्टूबर के बीच बिहार से सटे पूर्वांचल के कई जिलों और बुंदेलखंड आदि में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। 30 अक्टूबर को वाराणसी समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

वर्तमान मौसमी स्थिति

अरब सागर से आ रही नमी और बंगाल की खाड़ी में बन रहे वेदर सिस्टम के चलते प्रदेश में बादलों की सक्रियता बढ़ गई है। सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादलों की आवाजाही और पारे में गिरावट दर्ज की गई। बुंदेलखंड के झांसी और ललितपुर जैसे जिलों में बूंदाबांदी हुई। सोमवार शाम तक बांदा में सर्वाधिक 14.6 मिमी और ललितपुर में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम में आए इस बदलाव को देखते हुए किसानों ने अपनी धान की कटाई जोर-शोर से शुरू कर दी है। किसानों को डर है कि यदि खेत में तैयार खड़ी धान की फसल पर पानी पड़ा, तो उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Also Read: बिहार के बाद अब यूपी में भी SIR, चुनाव आयोग का बड़ा ऐलान,आज रात 12 बजे से लिस्ट फ्रीज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.