गोपालगंज में चुनावी हिंसा, दलित परिवार पर वोट न बताने की वजह से हमला, तीन घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के बाद मारपीट की एक दुखद घटना सामने आई है। सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुचेया गांव में एक दलित परिवार के साथ इसलिए मारपीट की गई, क्योंकि उन्होंने किसे वोट दिया, यह बताने से इनकार कर दिया।
पीड़ितों का कहना है कि वोट डालकर घर लौटते समय कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और बीजेपी को वोट देने का आरोप लगाते हुए उनकी पिटाई कर दी। इस हमले में तीन लोग जख्मी हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि हमलावरों में अखिलेश यादव और विशाल यादव जैसे लोग शामिल थे। इस घटना के बाद पूरा परिवार डर के साये में जी रहा है।
बैकुंठपुर में तीन अलग-अलग जगहों पर हुई मारपीट
एसडीपीओ राजेश कुमार ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बैकुंठपुर विधानसभा में मतदान खत्म होने के बाद तीन अलग-अलग जगहों पर मारपीट की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें बैकुंठपुर थाना के बंगरा, मुहम्मदपुर थाना के देवकुली और सिधवलिया थाना के बुचेया गांव शामिल हैं। तीनों ही जगहों पर अलग-अलग लोगों ने आरजेडी समर्थकों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। एसडीपीओ ने कहा कि घायलों से लिखित शिकायत ली जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बीजेपी प्रत्याशी ने अस्पताल में घायलों से की मुलाकात
इस बीच, बीजेपी प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात करके हालात का जायजा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरजेडी विधायक प्रेम शंकर यादव की संभावित हार से नाराज होकर उनके समर्थकों ने बीजेपी समर्थकों पर हमला किया है। उन्होंने बताया कि बंगरा में संजीत मिश्रा, देवकुली में सुमन सिंह और बुचेया में दलित परिवार के सदस्यों को निशाना बनाया गया। तिवारी ने प्रशासन से 48 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

