Varanasi News: दालमंडी में फिर गरजा बुलडोजर, 18 मकानों को ढहाने पहुंची भारी फोर्स

Varanasi News: धर्मनगरी काशी के दालमंडी इलाके में रविवार की सुबह भारी तनाव और गहमागहमी के साथ शुरू हुई। ईद के त्योहार के चलते कुछ दिनों के लिए रोकी गई सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई दोबारा शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन, पीडब्ल्यूडी और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 18 चिन्हित मकानों को खाली कराने और ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

उत्तर प्रदेश सरकार काशी विश्वनाथ मंदिर तक श्रद्धालुओं की पहुंच को आसान बनाने और शहर के यातायात को सुगम करने के लिए दालमंडी सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। वर्तमान में यह गली महज 3 से 4 मीटर चौड़ी है, जिसे बढ़ाकर 17.4 मीटर किया जाना है। लगभग 225 करोड़ रुपये के इस भारी-भरकम प्रोजेक्ट के दायरे में कुल 181 घर/दुकानें और 6 मस्जिदें आ रही हैं। प्रशासन का दावा है कि जिन 18 मकानों पर आज कार्रवाई हो रही है, उनकी रजिस्ट्री हो चुकी है और मालिकों के खातों में पैसा ट्रांसफर किया जा चुका है।

स्थानीय लोगों में नाराजगी और भारी सुरक्षा

बुलडोजर के पहुंचते ही इलाके के लोगों में भारी गुस्सा और चिंता देखी गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पीएसी और पुलिस बल के जवानों ने मोर्चा संभाल रखा है। अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के जरिए मुनादी कर लोगों से सहयोग की अपील की है।

एक तरफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई चल रही है, तो दूसरी तरफ दालमंडी में बिजली चोरी का एक बड़ा मामला चर्चा में है। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तीन वीडियो वायरल हुए, जिनमें एक दुकान में मीटर बाईपास कर खुलेआम कटिया लगाकर बिजली चोरी की जा रही थी।

Also Read: यूपी में ‘सॉल्वर’ के दम पर 50 लोग कर रहे सरकारी नौकरी, STF की जांच में ‘दिव्यांग कोटे’ का बड़ा खेल बेनकाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.