अवैध संबंधों में बाधा बनी सास को बहू ने प्रेमी के साथ मिलकर उतारा मौत के घाट
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निशातगंज इलाके में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही 69 वर्षीय सास की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि सास दोनों के अवैध संबंधों में बाधा बन रही थी, जिससे नाराज होकर बहू ने खौफनाक साजिश रच डाली।
मृतका की पहचान निर्मला देवी (69) के रूप में हुई है, जो सचिवालय से सेवानिवृत्त थीं। वह निशातगंज की गली नंबर-3 में अपने बेटे त्रिदेश, बहू रंजना, पोते आदित्य और पोतियों के साथ रहती थीं। निर्मला देवी के पति का करीब दो साल पहले निधन हो चुका था। बेटा त्रिदेश बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत है, जबकि बहू रंजना घर में ही ब्यूटी पार्लर चलाती है।
पुलिस के अनुसार, यह खूनी खेल शनिवार दोपहर को खेला गया। उस समय घर का माहौल सामान्य लग रहा था, लेकिन अंदर एक भयानक साजिश को अंजाम दिया जा रहा था। घटना के समय बेटा त्रिदेश अपनी ड्यूटी पर गया हुआ था। घर में सिर्फ बहू रंजना और उसकी छोटी बेटी सान्वी मौजूद थीं। बड़ी बेटी अंशिका उन्नाव में अपने मामा के घर गई हुई थी। पोता आदित्य डिलीवरी बॉय का काम करता है और वह भी काम के सिलसिले में घर से बाहर था।
पोते ने देखी दादी की बंधी हुई लाश
दोपहर बाद जब पोता आदित्य डिलीवरी देकर घर लौटा, तो उसे घर में कोई नहीं मिला। वह अंदर दादी के कमरे में गया, तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। दादी निर्मला देवी कमरे में अचेत पड़ी थीं और उनके हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। यह देखते ही उसने तुरंत किरायेदार और अन्य परिजनों को सूचना दी। घर में कोहराम मच गया और आनन-फानन में पुलिस को इत्तला दी गई।
CCTV और डॉग स्क्वायड ने खोला राज
पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती तफ्तीश में घर में लगे सीसीटीवी कैमरे दोपहर 2 से 4 बजे के बीच बंद मिले, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। पुलिस ने आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें घर का किरायेदार राजन शर्मा संदिग्ध हालत में घर से निकलता हुआ दिखाई दिया।
इसके बाद पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद ली। खोजी कुत्ता घर से सीधा राजन शर्मा के पास जाकर रुक गया, जिससे पुलिस का शक यकीन में बदल गया। पुलिस ने राजन को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में राजन ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसका और मकान मालिक की बहू रंजना के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे। निर्मला देवी को इस रिश्ते का पता चल गया था और वह लगातार दोनों को मिलने से रोकती थीं। परिवार के अन्य सदस्य भी इस रिश्ते का विरोध करते थे। सास की पाबंदियों से परेशान होकर बहू रंजना ने अपने प्रेमी राजन के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
योजना के मुताबिक, आरोपियों ने पहले निर्मला देवी के हाथ-पैर बांधे और फिर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद राजन मौके के आसपास ही खड़ा रहा। वह पुलिस की हर गतिविधि पर नजर रख रहा था ताकि किसी को उस पर शक न हो और वह जांच को भटका सके। लेकिन डॉग स्क्वायड और सीसीटीवी फुटेज ने उसकी पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
Also Read: अमेरिका से LPG और रूस से कच्चा तेल लेकर दो बड़े जहाज पहुंचे मंगलुरु बंदरगाह

