SP की कुर्सी पर बैठकर दरोगा की बहू ने बनाई रील, वायरल होते ही अकाउंट किया डिलीट

Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय के ऑडिटोरियम में बनाई गई एक रील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। मामला दिबियापुर में तैनात एक उपनिरीक्षक (दरोगा) की बहू से जुड़ा है।

महिला ने एसपी की कुर्सी पर बैठकर कुछ सेकेंड की रील बनाई थी। वीडियो वायरल होने के बाद उसने पहले रील डिलीट की, फिर करीब 16 हजार फॉलोअर्स वाला अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी हटा दिया। साथ ही सार्वजनिक रूप से हाथ जोड़कर माफी भी मांगी।

विदाई समारोह के बाद बनाया गया वीडियो

जानकारी के अनुसार, 30 जून को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के ऑडिटोरियम में चार सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और दिबियापुर में तैनात एक उपनिरीक्षक के विदाई समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों के साथ उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। समारोह खत्म होने के बाद अधिकांश लोग जा चुके थे। इसी दौरान उपनिरीक्षक की बहू एसपी की कुर्सी पर बैठी और रील बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी।

SP ने दी दोबारा ऐसी गलती न करने की हिदायत

बुधवार को वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू की। पता चलने पर संबंधित उपनिरीक्षक से स्पष्टीकरण लिया गया। उन्होंने बताया कि जानकारी मिलते ही महिला से वीडियो हटवा दिया गया था। बाद में महिला ने एक वीडियो जारी कर कहा कि उसका किसी की गरिमा या भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था और यह अनजाने में हुई गलती थी।

औरैया के पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कहा कि मामला संज्ञान में आते ही वीडियो हटवा दिया गया और संबंधित परिवार को भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न होने की हिदायत दी गई है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.