बेटियां अब ‘उड़ान’ भी भर रही हैं और देश की ‘रक्षा’ भी कर रही हैं: मनीष गुप्ता

बिटिया फाउंडेशन के अध्यक्ष ने भाजपा सरकार की नीतियों को सराहा

Sandesh Wahak Digital Desk: ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा आज धरातल पर सच होता दिख रहा है। बिटिया फाउंडेशन के अध्यक्ष मनीष गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश की बेटियां आज उस मुकाम पर हैं, जहाँ वे पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।

हवाई जहाज से लेकर सेना तक बेटियों का दबदबा

मनीष गुप्ता ने कहा कि आज समाज के हर उच्च पद पर बेटियां अपनी बौद्धिक क्षमता का लोहा मनवा रही हैं। चाहे वह आर्मी हो, पुलिस बल हो या सीआरपीएफ देश की सुरक्षा में उनकी भूमिका अहम हो गई है। उन्होंने गर्व से कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे मिशनों में भी बेटियों ने अपनी बहादुरी का परिचय दिया है। आज डॉक्टर और इंजीनियर बनकर बेटियां न केवल अपना करियर बना रही हैं, बल्कि देश की सेवा भी कर रही हैं।

सुरक्षा और न्याय का नया दौर

पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले बेटियों को न्याय के लिए भटकना पड़ता था और उनका शोषण होता था। लेकिन आज भाजपा सरकार ने उनकी सुरक्षा की गारंटी ली है। अब बेटियां दिन हो या रात, बेखौफ होकर घर से बाहर काम पर निकल सकती हैं। उन्होंने कहा, “आज किसी की हिम्मत नहीं कि बेटियों की तरफ आंख उठाकर देख ले, क्योंकि दोषियों को सख्त सजा दी जा रही है।”

18 सालों से निर्धन बेटियों का सहारा बना फाउंडेशन

मनीष गुप्ता ने अपनी संस्था के कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि वे पिछले 18 वर्षों से निर्धन बेटियों के हाथ पीले करने का पुनीत कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कन्यादान से बड़ा कोई पुण्य नहीं है। फाउंडेशन की ओर से शादियों में घर का सारा जरूरी सामान भी दिया जाता है, ताकि किसी गरीब परिवार पर बोझ न पड़े।

डबल इंजन सरकार और चहुंमुखी विकास

उन्होंने सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं की भी प्रशंसा की। ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मुद्रा लोन दिया जा रहा है, जिससे वे मछली पालन, डेयरी और तकनीकी खेती जैसे कामों से जुड़कर परिवार को आर्थिक सहयोग दे रही हैं। बिना किसी भेदभाव के 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त अनाज, आवास और चिकित्सा जैसी सुविधाएं मिल रही हैं।

मनीष गुप्ता ने अंत में कहा कि जनता का अटूट विश्वास ही भाजपा की असली ताकत है। समाज का हर वर्ग, विशेषकर महिलाएं, आज तकनीकी और आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, जो एक विकसित भारत की पहचान है।

Also Read: Sambhal News: मुर्दों के नाम पर 100 करोड़ का बीमा घोटाला करने वाले गिरोह की 12 करोड़ की संपत्ति कुर्क

Get real time updates directly on you device, subscribe now.