डीएवी पब्लिक स्कूल में विषयवार प्रदर्शनी का आयोजन, राम मंदिर मॉडल बना मुख्य आकर्षण
अयोध्या-मिल्कीपुर: आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज परिसर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में शनिवार को विभिन्न विषयों पर आधारित एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विजेंद्र सिंह ने किया।
राम मंदिर मॉडल ने खींचा ध्यान
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किया गया राम मंदिर मॉडल सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र रहा। छात्रों ने रामायण के विभिन्न कांडों पर आधारित एक विशेष थीम प्रस्तुत की, जिसमें बालकांड से लेकर लंकाकांड तक की पूरी यात्रा की झलक दिखाई गई।

मुख्य अतिथि डॉ. विजेंद्र सिंह ने राम मंदिर थीम की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सीमित समय और संसाधनों में बच्चों ने अतुलनीय, अभूतपूर्व और उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है, जो उनकी रचनात्मक सोच और कड़ी मेहनत को दर्शाता है। डॉ. विजेंद्र सिंह ने विद्यालय की प्रधानाचार्या पुष्पा कुमारी के साथ प्रदर्शनी का गहन अवलोकन किया और सभी छात्रों के मॉडलों की सराहना की।
विषयों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
प्रदर्शनी में केवल धार्मिक थीम ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक विषयों से संबंधित मॉडल भी प्रदर्शित किए गए। सिल्क रोड, गणित, जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान, और अन्य विषय। विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक तथ्यों और ऐतिहासिक जानकारियों को बेहद रोचक और आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया, जिससे उपस्थित दर्शक और अभिभावक काफी प्रभावित हुए।
इस अवसर पर नगर पंचायत कुमारगंज के अध्यक्ष विकास सिंह छोटू और शिव सेंट्रल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक विनोद पांडे ने भी छात्रों की प्रतिभा की सराहना की और इसे प्रशंसनीय तथा प्रेरणादायक बताया। विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू डॉ. डी नियोगी और डॉ. उमेश चंद्र ने भी छात्रों के प्रयासों की प्रशंसा की। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं, कर्मचारी और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
Also Read: योगी सरकार का किसानों की ‘आर्थिक समृद्धि’ पर जोर, धान किसानों को 4500 करोड़ से अधिक का भुगतान

