दाऊद इब्राहिम का करीबी दानिश चिकना गोवा से गिरफ्तार, भारत में ड्रग्स सिंडिकेट चलाने का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी और मोस्ट-वांटेड ड्रग तस्कर दानिश चिकना को गोवा से गिरफ्तार कर लिया गया है। दानिश चिकना का असली नाम दानिश मर्चेंट है, लेकिन वह अपने उपनाम से ही कुख्यात है। आरोप है कि वह भारत में दाऊद इब्राहिम का ड्रग्स सिंडिकेट चलाता था। यह गिरफ्तारी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), मुंबई की टीम द्वारा की गई।
दानिश मर्चेंट पर मुंबई के डोंगरी इलाके में दाऊद इब्राहिम के ड्रग्स ऑपरेशन को मैनेज करने का आरोप है। इससे पहले, उसे दिसंबर 2024 में भी मुंबई में एक बड़े ड्रग ऑपरेशन के सिलसिले में NCB ने गिरफ्तार किया था। यह पहली बार नहीं है जब दानिश चिकना किसी ड्रग रैकेट से जुड़ा है। 2021 में भी NCB ने उसे गिरफ्तार किया था, और उसके पास से 200 ग्राम हशीश बरामद हुई थी।
NCB ने दानिश चिकना पर ड्रग्स से जुड़े दो मामलों में आरोप लगाए थे। मार्च 2021 में मुंबई में एक ड्रग लैब की जाँच के दौरान उसका नाम सामने आया था। उस समय वह राजस्थान भाग गया था। दाऊद इब्राहिम के अन्य साथियों चिंकू पठान और आरिफ भुजवाला से पूछताछ के बाद ही दानिश चिकना की संलिप्तता का खुलासा हुआ था। NCB अब दानिश चिकना से ड्रग्स सिंडिकेट के पूरे नेटवर्क और उसके अंतर्राष्ट्रीय संबंधों के बारे में गहन पूछताछ करेगी।

