‘डियर सूर्यकांत, अभी इस्तीफा दीजिए’, अब केरल कांग्रेस ने CJI से मांगा इस्तीफा, भड़के रिजिजू

Sandesh Wahak Digital Desk: केरल कांग्रेस (Kerala Congress) की एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सियासी विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत से इस्तीफा देने की मांग की, जिस पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju) ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का अगला निशाना न्यायपालिका है और सभी ‘एंटी-इंडिया गैंग’ एकजुट हो रहे हैं।

केरल कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘डियर सूर्यकांत, अगर कानून-व्यवस्था आपका क्षेत्र नहीं है, तो अभी इस्तीफा दे दीजिए। हम आपकी जगह ऐसे व्यक्ति को ढूंढ लेंगे, जो इसे संभाल सके।’

CJI ने प्रतिनिधिमंडल से मिलने से किया था इनकार

दरअसल, INDIA ब्लॉक के नेता सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालकर CJI को ज्ञापन सौंपना चाहते थे। इससे पहले 11 अक्टूबर को CJI सूर्यकांत ने विपक्षी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल से मिलने से इनकार कर दिया था।

CJI की ओर से भेजे गए जवाब में कहा गया कि जिन मुद्दों पर नेता मिलना चाहते हैं, वे अदालत में लंबित हैं। सुप्रीम कोर्ट प्रशासनिक स्तर पर किसी राजनीतिक दल के प्रतिनिधिमंडल से मिलने के बजाय याचिका दाखिल होने पर सुनवाई कर सकता है। जवाब में यह भी कहा गया कि कांग्रेस याचिका दाखिल करती है तो अदालत मंगलवार को सुनवाई के लिए तैयार है।

रिजिजू का कांग्रेस पर पलटवार

केरल कांग्रेस (Kerala Congress) की पोस्ट पर किरेन रिजिजू ने कहा कि वह पहले भी कह चुके हैं कि कांग्रेस का अगला निशाना न्यायपालिका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश की संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं को नष्ट करना चाहती है। रिजिजू ने कहा कि सभी ‘एंटी-इंडिया गैंग’ एक साथ आ रहे हैं और देशभक्त भारतीय भी एकजुट होंगे।

वहीं, राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च में लोगों से पार्टी, जाति, धर्म और राज्य की पहचान से ऊपर उठकर शामिल होने की अपील की थी। विपक्ष इस दौरान वोट चोरी के आरोपों, SIR पर रोक और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाना चाहता था।

Also Read: INDIA ब्लॉक के मार्च में दिखा राहुल गांधी का ‘बैटमैन’ अवतार, खड़गे को भी पहनाया मास्क

Get real time updates directly on you device, subscribe now.