रामपुर रियासत की नवाबजादी मेहरून्निसा बेगम का वॉशिंगटन डीसी में इंतकाल, 92 साल की आयु में ली अंतिम सांस

Rampur News: रामपुर रियासत के अंतिम शासक नवाब रजा अली खां की बेटी नवाबजादी मेहरून्निसा बेगम का 92 वर्ष की आयु में अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में इंतकाल हो गया है। उनके निधन से रामपुर रियासत के परिवार और शुभचिंतकों में गहरा दुख पहुँच है।

इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एन्ड कल्चरल हेरिटेज (इंटेक) रुहेलखंड चैप्टर के सह संयोजक काशिफ खां ने बताया कि नवाबजादी मेहरून्निसा बेगम का जन्म 24 जनवरी, 1933 को रामपुर में हुआ था। वह अंतिम शासक नवाब रजा अली खां की तीसरी पत्नी तलअत जमानी बेगम की पुत्री थीं।

वॉशिंगटन डीसी में हुईं सुपुर्दे ए खाक

नवाबजादी मेहरून्निसा बेगम ने 28 अक्टूबर को अंतिम सांस ली और 29 अक्टूबर को वॉशिंगटन डीसी में ही गमगीन माहौल में उन्हें सुपुर्दे ए खाक किया गया। उन्होंने मसूरी और लखनऊ में शिक्षा ग्रहण की थी।

काशिफ खां ने बताया कि उनकी पहली शादी भारतीय सिविल सेवा से जुड़े सैयद तकी नकी से हुई थी, जबकि दूसरी शादी पाकिस्तान के एयर चीफ मार्शल अब्दुर्रहीम खां से हुई थी, जो स्पेन में पाकिस्तान के राजदूत भी रह चुके थे।

वह 1977 में अमेरिका चली गईं, जहाँ उन्होंने इंटरनेशल सेंटर फॉर लैंग्वेज स्टडीज में उर्दू और हिंदी की शिक्षिका के रूप में कार्य किया। उनके परिवार में एक बेटा जैन नकी और दो बेटियां जेबा हुसैन व मरयम खान हैं।

परिवार ने जताया शोक

नवाब रजा अली खां की छह बेटियों में नवाबजादी मेहरून्निसा बेगम दूसरे नंबर की पुत्री थीं। अंतिम शासक के पौत्र और पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां (नवेद मियां) ने उनके निधन को पूरे परिवार के लिए एक बड़ी क्षति बताया है। अंतिम शासक की बहू और पूर्व सांसद बेगम नूरबानो ने भी नवाबजादी मेहरून्निसा बेगम के निधन पर दुख जताया है।

काशिफ खां ने यह भी बताया कि अंतिम शासक के तीनों पुत्र नवाबजादा मुर्तजा अली खां, नवाबजादा जुल्फिकार अली खां उर्फ मिक्की मियां और नवाबजादा आबिद अली खां उर्फ सलीम मियां अब इस दुनिया में नहीं हैं।

Also Read: ध्वनि की गति से भी तेज चलने वाला अमेरिका का शांत सुपरसोनिक विमान X-59 ने भरी पहली सफल उड़ान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.