दीपिंदर गोयल ने जोमैटो-ब्लिंकिट के इटरनल ग्रुप के CEO पद से दिया इस्तीफा
Sandesh Wahak Digital Desk: देश के सबसे बड़े फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स नेटवर्क इटरनल ग्रुप के मुखिया दीपिंदर गोयल ने अपने पद से हटने का फैसला किया है। दीपिंदर गोयल ने ऐलान किया है कि वह सीईओ (CEO) का पद छोड़ रहे हैं। उनकी जगह अब अलबिंदर ढींढसा इस जिम्मेदारी को संभालेंगे, जो वर्तमान में ब्लिंकिट के सीईओ हैं।
1 फरवरी से लागू होगा फैसला
कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दीपिंदर गोयल का इस्तीफा 1 फरवरी, 2026 से प्रभावी होगा। शेयरधारकों को लिखे एक भावुक पत्र में गोयल ने बताया कि उनका मन अब कुछ नए और साहसी आइडियाज पर काम करने का है।
दीपिंदर गोयल ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि वह अब ऐसे प्रोजेक्ट्स पर ध्यान देना चाहते हैं जिनमें जोखिम ज्यादा है और बहुत अधिक प्रयोग (Experiment) की जरूरत है। उन्होंने कहा, इटरनल अब एक पब्लिक कंपनी है, जिसे अपनी मौजूदा रणनीति पर अनुशासित रहकर काम करना होगा। मेरे नए विचार इस कंपनी के दायरे से बाहर हैं, इसलिए बाहर रहकर ही उन पर काम करना बेहतर है। भारत में एक पब्लिक कंपनी के सीईओ से कानून और समाज की उम्मीदें होती हैं कि वह सिर्फ एक ही लक्ष्य पर केंद्रित रहे।
यह इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब हाल ही में 10-मिनट डिलीवरी मॉडल को लेकर देशभर में काफी विवाद हुआ था। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने हाल ही में जोमैटो, ब्लिंकिट, जेप्टो और स्विगी के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। सरकार ने साफ निर्देश दिए थे कि डिलीवरी पार्टनर्स की सुरक्षा को ताक पर रखकर 10-मिनट डिलीवरी का दबाव नहीं बनाया जा सकता। सरकार की सलाह के बाद कंपनियों को अपनी प्रचार सामग्री से इस समय सीमा को हटाना पड़ा था।
Also Read: बरेली: स्कूल में पेंटिंग करने आए मजदूरों ने किया हाथ साफ, चपरासी के साथ मिलकर पार किए कंप्यूटर

