Delhi: 105 करोड़ का अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स के साथ 4 गिरफ्तार, ‘मोबाइल लैब’ में बनाते थे मेथाम्फेटामाइन

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली-एनसीआर, मुंबई और बेंगलुरु में सक्रिय एक बड़े अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में ₹105 करोड़ से अधिक मूल्य की मेथाम्फेटामाइन ड्रग्स बरामद की है और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

चलती-फिरती ‘मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट’ का खुलासा

पुलिस की कार्रवाई में एक अत्यंत चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपियों ने दिल्ली में ही एक चलती-फिरती ड्रग्स मैन्युफैक्चरिंग यूनिट खोल रखी थी। मैन्युफैक्चरिंग का पूरा काम एक ट्रक के अंदर किया जाता था। स्पेशल सेल के डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि यह मोबाइल लैब इतनी खतरनाक थी कि इसे कहीं भी खड़ा करके कुछ ही घंटों में मेथाम्फेटामाइन (Methamphetamine) जैसी सिंथेटिक ड्रग्स तैयार की जा सकती थी।

सप्लाई और अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क

बरामद की गई मेथाम्फेटामाइन की यह खेप मुख्य रूप से नव वर्ष (New Year) की रेव पार्टियों में सप्लाई की जानी थी। डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि मेथाम्फेटामाइन्स की यह बड़ी मात्रा विदेश से मंगवाई गई थी और इसका नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैला हुआ है। पुलिस अब इनके विदेशी कनेक्शन की गहराई से जाँच कर रही है। आरोपी लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर में ड्रग्स का कारोबार कर युवाओं को निशाना बना रहे थे।

गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई

स्पेशल सेल की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीन आरोपियों को दिल्ली से और एक आरोपी को बेंगलुरु से पकड़ा गया है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा ने इस सफलता के लिए टीम को बधाई दी है और कहा है कि इस कार्रवाई से नए साल की कई बड़ी रेव पार्टियों में ड्रग्स की सप्लाई पर पूरी तरह रोक लग गई है। उन्होंने जोर दिया कि राजधानी को ड्रग्स मुक्त बनाने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा।

Also Read: गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई अमेरिका से डिपोर्ट, NIA ने ली कस्टडी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड से जुड़ा है तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.