Delhi : CM रेखा गुप्ता को धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, मिला फर्जी पहचान पत्र

 

Sandesh Wahak Digital Desk:  दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी देने वाले व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान श्लोक त्रिपाठी के रूप में हुई है, जिसे दिल्ली पुलिस की नॉर्थ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल टीम ने गाजियाबाद से पकड़ा। श्लोक के पास से कई फर्जी आईडी कार्ड बरामद हुए हैं। जानकारी के अनुसार, उसके पास वकालत की डिग्री भी है।

नशे की हालत में की गई थी कॉल

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने नशे की हालत में यह धमकी दी थी। पूछताछ में उसने बताया कि पारिवारिक समस्याओं, खासकर पत्नी से झगड़े के चलते वह मानसिक तनाव में था और इसी कारण उसने यह कदम उठाया। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी झगड़े के बाद उसे छोड़कर चली गई थी।

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

जांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पूछताछ में पूरा सहयोग नहीं कर रहा और बार-बार पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है। उसके बयानों में विरोधाभास पाए गए हैं, जिससे उसकी मंशा को लेकर संदेह बना हुआ है।

कॉल के तुरंत बाद सक्रिय हुई पुलिस

यह मामला उस समय सामने आया जब 5 जून की रात करीब 11 बजे गाजियाबाद पुलिस को एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी दी गई थी। कॉलर ने यह धमकी अज्ञात नंबर से दी और कॉल के कुछ देर बाद ही उसका फोन बंद हो गया।

फोन नंबर की लोकेशन ट्रेस कर गाजियाबाद के कोतवाली थाना क्षेत्र को चिन्हित किया गया। इसके बाद गाजियाबाद पुलिस ने तुरंत दिल्ली पुलिस को सूचना दी। दोनों राज्यों की पुलिस ने मिलकर सघन जांच शुरू की, जिसके चलते 7 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

आगे की जांच जारी

फिलहाल आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि उसकी मंशा क्या थी और क्या यह धमकी सिर्फ नशे या मानसिक तनाव का नतीजा थी, या इसके पीछे कोई और कारण छिपा है।

Also Read: सड़क हादसे में बाल बाल बचे तेजस्वी यादव,काफिले को ट्रक ने मारी टक्कर,…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.