उत्तर भारत में कोहरे का कहर, दिल्ली-जयपुर समेत कई शहरों में उड़ानों की रफ्तार थमी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड के साथ ही घने कोहरे ने दस्तक दे दी है। इस सफेद चादर की वजह से न सिर्फ सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार धीमी हुई है, बल्कि आसमान में उड़ने वाले विमानों के पहिए भी थम गए हैं। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट समेत उत्तर भारत के कई हवाई अड्डों पर विजिबिलिटी (दृश्यता) बेहद कम हो जाने के कारण सैकड़ों यात्री फंसे हुए हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट पर CAT-III अलर्ट

दिल्ली एयरपोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए यात्रियों को जानकारी दी है कि रनवे पर घना कोहरा होने के कारण फिलहाल सीएटी-III (CAT-III) प्रोटोकॉल के तहत उड़ानें संचालित की जा रही हैं। इसका मतलब है कि बहुत कम दृश्यता में विमानों को उतारने वाली तकनीक का इस्तेमाल हो रहा है, जिससे फ्लाइट्स में देरी या रुकावट होना तय है। एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा है, हम यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए एयरलाइंस के साथ लगातार काम कर रहे हैं। किसी भी असुविधा के लिए हमें खेद है।

ये उड़ानें हुई प्रभावित

कोहरे की वजह से कई महत्वपूर्ण फ्लाइट्स को रद्द या डायवर्ट करना पड़ा है।

रद्द की गई उड़ानें: जयपुर (6E 7413), दिल्ली (6E 2113) और दिल्ली की ही (I1 879) उड़ान को पूरी तरह कैंसिल कर दिया गया है।

डायवर्ट की गई उड़ानें: दिल्ली आने वाली फ्लाइट (6E 6448) और जयपुर जाने वाली फ्लाइट (6G 7414) को अन्य सुरक्षित हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया गया है।

मौसम विभाग (IMD) की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अभी राहत मिलने की उम्मीद कम है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-NCR में आने वाले कुछ दिनों तक सुबह के समय ‘घना कोहरा’ छाए रहने का अनुमान है। इसका असर चंडीगढ़, लखनऊ और अमृतसर जैसे एयरपोर्ट्स पर भी देखा जा रहा है, जहाँ दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई है।

यात्रियों के लिए जरूरी सलाह

अगर आप भी आज या कल में हवाई यात्रा करने वाले हैं, तो इन बातों का ध्यान रखें।

स्टेटस चेक करें: घर से निकलने से पहले अपनी एयरलाइन के ऐप या वेबसाइट पर अपनी फ्लाइट का ‘रियल-टाइम स्टेटस’ जरूर देखें।

समय लेकर चलें: कोहरे के कारण सड़कों पर भी ट्रैफिक धीमा है, इसलिए एयरपोर्ट पहुंचने के लिए हाथ में अतिरिक्त समय रखें।

हेल्प डेस्क की मदद लें: एयरपोर्ट पर मौजूद टीमें यात्रियों की सहायता के लिए तैनात हैं, किसी भी कन्फ्यूजन की स्थिति में उनसे संपर्क करें।

Also Read: ‘मुंह ढक लीजिए कि आप लखनऊ में हैं’, इकाना में मैच रद्द होने पर अखिलेश यादव ने कसा तंज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.