दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, भारी तनाव के बीच CM रेखा गुप्ता ने पेश किया 1.10 लाख करोड़ का बजट
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के लिए आज का दिन बेहद नाटकीय रहा। एक तरफ विधानसभा में साल का सबसे बड़ा वित्तीय लेखा-जोखा (बजट) पेश होना था, तो दूसरी तरफ सुबह-सुबह मिली बम की धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फुला दिए। दिल्ली विधानसभा, स्पीकर विजेंद्र गुप्ता और विधानसभा मेट्रो स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, सुबह 7:28 बजे विधानसभा को और 7:49 बजे स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को धमकी भरे ईमेल मिले। इन ईमेल्स में प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और उपराज्यपाल तरनजीत संधू समेत दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के नामों का भी जिक्र था।
धमकी मिलते ही स्निफर डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। हालांकि, जांच के बाद बीजेपी विधायक अनिल गोयल ने इसे महज एक ‘धोखा’ (Hoax) करार दिया और कहा कि सब कुछ सुरक्षित है।
तमाम धमकियों और तनाव के बावजूद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में अपना दूसरा बजट पेश किया। इस बार का बजट 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपये का है, जिसमें बुनियादी ढांचे और जन सुविधाओं पर खास जोर दिया गया है।
बजट के मुख्य आवंटन
स्वास्थ्य: स्वास्थ्य विभाग के लिए 12,746 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट।
शहरी एवं ग्रामीण विकास: शहरी विकास के लिए 7,887 करोड़ और ग्रामीण विकास के लिए 787 करोड़ रुपये।
इंफ्रास्ट्रक्चर (PWD): सड़कों और बुनियादी ढांचे के लिए 5,921 करोड़ रुपये।
जल निकासी (Water Logging): दिल्ली की पुरानी समस्या ‘जलभराव’ से निपटने के लिए नया ड्रेनेज मास्टर प्लान लाया गया है, जिसके लिए सिंचाई विभाग को 610 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
यमुना और झुग्गी विकास: यमुनापार के लिए 300 करोड़ और झुग्गी बस्तियों के सुधार के लिए 800 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
साफ पानी: चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 475 करोड़ रुपये का प्रावधान।
Also Read: स्वयं सहायता समूह से बदली तकदीर, अनीता संग 4400 महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर

