विदेश बसना चाहती थी दिल्ली धमाके की संदिग्ध डॉ. शाहीन, पूर्व पति ने खोले राज
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली धमाके और हरियाणा के फरीदाबाद में उजागर हुई आतंकी साजिश में डॉक्टर शाहीन शाहिद (Dr Shaheen) का नाम सामने आने के बाद अब उनके पूर्व पति डॉक्टर जफर हयात ने चुप्पी तोड़ दी है। कानपुर मेडिकल कॉलेज में तैनात डॉ. जफर ने बताया कि साल 2012 में ही उनका और शाहीन का तलाक हो चुका है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पिछले तेरह सालों से उनका शाहीन से कोई संपर्क नहीं रहा। इस बीच उन्होंने कई और खुलासे भी किये हैं।
शादी से तलाक तक का सफर
डॉ. जफर ने बताया कि उनकी और शाहीन की शादी साल 2006 में हुई थी। यह एक अरेंज मैरिज थी। शादी के बाद उनके दो बच्चे हुए, जो इस समय उनके साथ ही रहते हैं। उन्होंने कहा कि 2012 में तलाक के बाद से न तो उन्होंने शाहीन से कोई बात की और न ही कभी उसके बारे में जानकारी ली।
उन्होंने कहा, वो कहां रहती है, क्या करती है, मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है। न ही मेरे बच्चों को कुछ पता है।
शाहीन के स्वभाव और सोच पर बोले जफर
डॉ. जफर ने आगे बताया कि शाहीन एक लिबरल सोच की महिला थी। उन्होंने कहा, वो धर्म के प्रति बहुत ज़्यादा जागरूक नहीं थी। उसका इरादा था कि हम ऑस्ट्रेलिया या यूरोप में जाकर बसें, लेकिन मैंने बाहर जाने से मना कर दिया। इसके बाद हमारे बीच मतभेद बढ़े और हम अलग हो गए। उन्होंने कहा कि जब उनकी शादी हुई थी, तब शाहीन का भाई डॉ. परवेज एमबीबीएस कर रहा था और ज्यादा बात नहीं करता था। डॉ. जफर ने कहा, मैंने अपने बच्चों को शाहीन के बारे में कुछ नहीं बताया है। जो कुछ हम अब खबरों में देख रहे हैं, वही सब उन्हें भी पता चल रहा है। उसने ऐसा क्यों किया, इसका जवाब सिर्फ वही दे सकती है।
डॉ. शाहीन और उनके छोटे भाई डॉ. परवेज़ का नाम फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल में सामने आने के बाद परिवार में भी हैरानी फैल गई है। दोनों के बड़े भाई मोहम्मद शोएब ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें इस बात पर यकीन नहीं हो रहा है कि उनके भाई-बहन किसी आतंकी गतिविधि में शामिल हो सकते हैं।
मोहम्मद शोएब ने बताया,शाहीन बचपन से ही पढ़ाई में बहुत अच्छी थी। हमारे परिवार का पिछले चार साल से उससे कोई संपर्क नहीं था। पारिवारिक विवाद के कारण वो घर नहीं आती-जाती थी। हमें नहीं लगता कि वो ऐसा कुछ कर सकती है।
जांच एजेंसियों की नजर में शाहीन
गौरतलब हो कि फरीदाबाद में गिरफ्तार किए गए संदिग्धों में लखनऊ निवासी डॉ. शाहीन शाहिद का नाम सामने आया है। जांच एजेंसियों को शक है कि उसका संबंध हाल में दिल्ली धमाके और जैविक हथियार से हमले की साजिश में पकड़े गए आतंकियों से हो सकता है। ATS और खुफिया एजेंसियाँ शाहीन और उसके भाई डॉ. परवेज़ से पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क की कड़ी-दर-कड़ी जांच में जुटी हैं।

