लेडी डॉन के अवैध घर पर चला MCD का बुलडोजर, पूरे परिवार पर दर्ज हैं 57 मुकदमे
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के डाबड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस और एमसीडी ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। द्वारका के डीसीपी अंकित सिंह के निर्देश पर ड्रग माफिया से जुड़े एक अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई जेजे कॉलोनी, उत्तम नगर स्थित मकान संख्या B-101 में की गई।
डाबड़ी थाने के नवनियुक्त प्रभारी इंस्पेक्टर गंगा राम मीणा ने पद संभालते ही नशे के कारोबारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। उन्होंने इस अवैध निर्माण की रिपोर्ट एमसीडी को सौंपी, जिसके बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम ने तोड़फोड़ की कार्रवाई की।
कौन है यह लेडी ड्रग माफिया
यह संपत्ति अल्का नाम की महिला की बताई जा रही है, जो इलाके की कुख्यात अपराधी है।
अल्का का रिकॉर्ड: अकेले अल्का पर शराब तस्करी (Excise Act) और ड्रग्स तस्करी (NDPS Act) के 28 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
पति का इतिहास: उसके पति मनोज नागिया पर भी हत्या और तस्करी जैसे 15 से अधिक आपराधिक मुकदमे हैं।
हैरानी की बात यह है कि इस परिवार का हर सदस्य किसी न किसी अपराध में लिप्त है। बेटे करण पर 7 मामले, दूसरे बेटे गौरव उर्फ गोलू पर आर्म्स एक्ट और ड्रग्स के 4 मामले, और बेटी मनीषा पर भी 3 मुकदमे दर्ज हैं। अगर पूरे परिवार का कच्चा चिट्ठा देखा जाए, तो इन पर कुल 57 क्रिमिनल केस दर्ज हैं।
Also Read: Bareilly News: रील के जुनून ने ली जान, वीडियो बनाते समय फ्लाईओवर से फिसलकर गिरा युवक

