केजरीवाल पर FIR दर्ज कराएगी दिल्ली सरकार, शिक्षकों पर फेक न्यूज फैलाने का आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कानूनी मोर्चा खोल दिया है। दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने स्पष्ट किया है कि शिक्षकों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर फैलाए जा रहे ‘दुष्प्रचार’ के खिलाफ सरकार एफआईआर दर्ज कराने जा रही है। सरकार का आरोप है कि आम आदमी पार्टी एक सोची-समझी साजिश के तहत शिक्षकों का मनोबल गिराने और जनता में अविश्वास पैदा करने का काम कर रही है।

विवाद की जड़ में वह कथित आदेश है, जिसमें दावा किया गया कि दिल्ली के सरकारी शिक्षकों को आवारा कुत्तों (Street Dogs) की गिनती और उनकी निगरानी के काम में लगाया गया है। विधायक संजीव झा ने दावा किया कि सरकार ने शिक्षकों को वैक्सीनेशन और कुत्तों की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी है, जो उनके गरिमापूर्ण पेशे का अपमान है।

शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए इन्हें ‘फेक न्यूज’ करार दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया (X) पर जानकारी दी कि शिक्षा विभाग ने सिविल लाइन्स थाने में इस संबंध में औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी है।

झूठ पर ज़ीरो टॉलरेंस

शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी लगातार शिक्षा व्यवस्था को लेकर भ्रम फैला रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, यह दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था पर जानबूझकर किया गया हमला है। सरकार ने साफ संदेश दिया है कि इस प्रकार का छल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को कानून के तहत जवाबदेह ठहराया जाएगा।

आप ने पूछा- विभाग कौन चला रहा है

दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा पहले आदेश की बात से मुकर रही थी और अब कार्रवाई की बात कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या शिक्षा मंत्री को पता भी है कि उनके विभाग में क्या आदेश जारी हो रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि या तो मंत्री विभाग नहीं चला पा रहे हैं या पकड़े जाने पर अब झूठ का सहारा ले रहे हैं।

Also Read: इंदौर में दूषित पानी से मौतों पर बरसीं मायावती, बोलीं- आम जनता की जान से खिलवाड़ कर रही सरकार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.