IRCTC घोटाले में तेजस्वी यादव की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने CBI को भेजा नोटिस
Sandesh Wahak Digital Desk: आईआरसीटीसी होटल घोटाला मामले में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की मुश्किलें कम करने की दिशा में दिल्ली हाईकोर्ट ने एक कदम बढ़ाया है। मंगलवार को जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच ने तेजस्वी की याचिका पर सुनवाई करते हुए सीबीआई (CBI) को नोटिस जारी कर उनका पक्ष मांगा है। तेजस्वी ने राऊज एवेन्यू कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें उनके और उनके परिवार के खिलाफ आरोप तय करने का निर्देश दिया गया था।
लालू यादव की याचिका के साथ होगी सुनवाई
अदालत में तेजस्वी यादव का पक्ष रख रहे वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल और मनिंदर सिंह ने बताया कि इसी मामले में उनके पिता और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने भी एक याचिका दायर की है, जो पहले से ही 14 जनवरी के लिए सूचीबद्ध है। इसे देखते हुए हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि तेजस्वी की याचिका पर भी उसी दिन लालू यादव की अर्जी के साथ ही सुनवाई की जाएगी।
बीते 13 अक्टूबर 2025 को राऊज एवेन्यू कोर्ट के स्पेशल जज विशाल गोगने ने लालू परिवार के खिलाफ धोखाधड़ी (धारा 420), आपराधिक साजिश (120बी) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा चलाने का रास्ता साफ कर दिया था। अदालत ने माना था कि आरोपियों के खिलाफ आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त आधार मौजूद हैं। तेजस्वी ने अब इसी आदेश पर रोक लगाने की मांग की है।
Also Read: SIR के बाद अब 1 करोड़ 4 लाख मतदाताओं को मिलेगा नोटिस, ड्राफ्ट रोल जारी

