दिल्ली: ‘बुलडोजर’ एक्शन के दौरान भारी बवाल, पथराव में SHO समेत कई पुलिसकर्मी घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद से सटे अवैध निर्माण को हटाने के दौरान मंगलवार रात भारी हिंसा और पथराव की घटना हुई। दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर एमसीडी (MCD) द्वारा की गई इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया।
रात 2 बजे शुरू हुआ ‘ऑपरेशन क्लीन’
अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई रात के अंधेरे में बेहद योजनाबद्ध तरीके से शुरू की गई थी। 30 से ज्यादा बुलडोजर और नगर निगम के कर्मचारी रात करीब 2 बजे मौके पर पहुंचे। दिल्ली हाईकोर्ट ने मस्जिद से सटे ‘दवाघर’ और ‘बारात घर’ को अवैध घोषित किया था, जिसे हटाने के लिए यह अभियान चलाया गया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ पैरामिलिट्री फोर्सेस को भी तैनात किया गया था।
हिंसा और पथराव: SHO गंभीर रूप से घायल
जैसे ही बुलडोजर ने अवैध ढांचे को गिराना शुरू किया, भीड़ ने पुलिस और एमसीडी कर्मचारियों पर पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में चांदनी महल थाने के SHO महावीर प्रसाद समेत कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल करना पड़ा। जवाब में कुछ उपद्रवियों ने जलते हुए गोले वापस पुलिस की ओर फेंक दिए। पुलिस ने अब तक पथराव में शामिल 10 उपद्रवियों को हिरासत में लिया है।
बॉडी कैम और CCTV से होगी आरोपियों की पहचान
दिल्ली पुलिस अब उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है। पुलिसकर्मियों के बॉडी कैम (Body Cam) और इलाके में लगे CCTV फुटेज के जरिए पत्थरबाजों की पहचान की जा रही है। उपद्रवियों के खिलाफ दंगा करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में जल्द ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। डीसीपी (DCP) के मुताबिक, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात है। सुबह 10 बजे तक रास्तों को सामान्य यातायात के लिए खोल दिया गया।
Also Read: शाहजहांपुर: रोडवेज बस से टकराई तौकीर रजा के बेटे की कार, तलाशी में बैग से ड्रग्स’ और सिरिंज बरामद

