दिल्ली नगर निगम का कनिष्ठ अभियंता 10 लाख की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली नगर निगम (MCD) में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ सीबीआई (CBI) ने एक बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को सीबीआई ने नजफगढ़ क्षेत्र के एक कनिष्ठ अभियंता (जूनियर इंजीनियर) को दस लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई एक ठेकेदार की शिकायत पर की गई, जिसके निगम में लगभग तीन करोड़ रुपये के बिल लंबित थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार, बिल पास करने के एवज में आरोपियों ने कुल 25.42 लाख रुपये की मोटी रिश्वत मांगी थी। इस मामले में सीबीआई ने 11 नवंबर को नजफगढ़ जोन के कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था। शिकायत मिलते ही सीबीआई ने जाल बिछाया और कनिष्ठ अभियंता को ठेकेदार से दस लाख रुपये की पहली किस्त लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।

छापेमारी में मिला खजाना

गिरफ्तारी के बाद, सीबीआई ने तीनों आरोपियों के घरों और कार्यालयों पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान जाँच एजेंसियों को भारी मात्रा में कैश, सोने-चांदी के आभूषण और संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले। इन दस्तावेजों से पता चलता है कि आरोपी अधिकारी लंबे समय से गलत तरीके से धन कमा रहे थे। सीबीआई का कहना है कि जाँच अभी जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।

यह मामला दिल्ली नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार की गंभीर तस्वीर पेश करता है, जहाँ ठेकेदारों से बिल पास करने के नाम पर रिश्वत लेना आम बात हो गई थी। सीबीआई ने अपील की है कि अगर कोई सरकारी अधिकारी रिश्वत माँगे या भ्रष्टाचार करे तो बिना डरे शिकायत करें।

Also Read: हवाई क्षेत्र का उल्लंघन कर रहा पाकिस्तान, बातचीत फेल होने पर भड़के अफगान के विदेश मंत्री मुत्ताकी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.