दिल्ली-एनसीआर में सर्दी के साथ हवा भी हुई ज़हरीली, 380 के पार पहुंचा AQI
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में धूप से गर्मी का एहसास होता है। हालांकि, मौसम के सुहावने मिजाज के बीच हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ती जा रही है। आनंद विहार, अक्षरधाम से लेकर दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर बेहद ख़राब श्रेणी में पहुंच गया है।
दिन में धूप, शाम को ठंडक
मौसम विभाग के अनुसार, 18 अक्टूबर को भी राजधानी का मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। दिन में धूप निकलने से गर्मी का एहसास हो रहा है, वहीं शाम होते ही हल्की सिहरन महसूस की जा रही है। तापमान की बात करें तो दिल्ली में इन दिनों अधिकतम तापमान 31-32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18-21 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है।
वहीं ठंडी हवाओं की दस्तक के साथ ही दिल्ली की हवा और ज़्यादा प्रदूषित होती जा रही है। दिवाली से पहले ही प्रदूषण के हालात खराब हैं। चार दिन पहले ही राजधानी में ग्रैप-1 (GRAP-1) लागू किया जा चुका है, लेकिन हालात सुधरने के बजाय बिगड़ते जा रहे हैं।

कहां कितना AQI
आपको बताते चलें कि आनंद विहार में आज सुबह AQI 382 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद ख़राब’ श्रेणी में आता है।
1- जहांगीर पुरी में 308
2- विवेक विहार में 287
3- नरेला में 273
4- लोधी रोड पर 229
5- आईटीओ पर 270 का स्तर रिकॉर्ड किया गया।
दिवाली के बाद और बिगड़ सकते हैं हालात
यहां दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी हवा की गुणवत्ता लगातार गिरती जा रही है। इन इलाकों में भी AQI 300 के आसपास बना हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की रफ्तार बेहद धीमी होने के कारण प्रदूषण के कण वातावरण में ठहर गए हैं। वहीं अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, ऐसे में फिलहाल प्रदूषण से राहत की संभावना नहीं दिख रही। मौसम विभाग का मानना है कि दिवाली के बाद पटाखों के धुएं और पराली जलने से प्रदूषण का स्तर और अधिक बढ़ सकता है। गौरतलब हो कि दिल्ली की आबोहवा फिलहाल खतरे के निशान पर है। विशेषज्ञ लोगों को सलाह दे रहे हैं कि सुबह और शाम के वक्त अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और मास्क का इस्तेमाल ज़रूर करें।
Also Read: VIDEO: बिहार जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस में भीषण आग, सरहिंद स्टेशन पर टला बड़ा हादसा

