AI समिट में शर्टलेस प्रदर्शन मामले में युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार, पूछताछ के बाद कोर्ट में पेशी
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट’ के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार को उन्हें दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया।
पुलिस ने उदय भानु चिब को 23 फरवरी को पूछताछ के लिए बुलाया था। बताया जा रहा है कि यह पूछताछ करीब 20 घंटे तक चली, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। इस मामले में अब तक गिरफ्तारियों का आंकड़ा 8 तक पहुँच गया है। दिल्ली पुलिस ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर से भी 3 कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार किया है, जबकि 4 आरोपियों को घटना वाले दिन ही पकड़ लिया गया था।
बीती 20 फरवरी को जब भारत मंडपम में हाई-प्रोफाइल AI समिट चल रही थी, तब युवा कांग्रेस के 11 सदस्य सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर दाखिल हो गए थे। इन प्रदर्शनकारियों ने वहां शर्टलेस होकर प्रधानमंत्री मोदी की फोटो वाली टी-शर्ट लहराई थी और पीएम मोदी इज कॉम्प्रोमाइज्ड के नारे लगाए थे। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।
अंग्रेजों जैसा व्यवहार कर रही सरकार: कांग्रेस
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव शेष नारायण ओझा ने इस कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा, जब हमारे नेताओं ने अपनी बात रखने के लिए प्रदर्शन किया, तो उन्हें देश विरोधी करार दे दिया गया। सरकार का यह तरीका बिल्कुल वैसा ही है जैसा कभी अंग्रेजों के शासन में हुआ करता था। कांग्रेस का आरोप है कि लोकतंत्र में विरोध की आवाज को दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल किया जा रहा है।
Also Read: T20 World Cup 2026: हेटमायर के तूफान में उड़ा जिम्बाब्वे, लगातार 5 छक्के जड़कर रच दिया इतिहास

